अनूप दुबे, कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने शुद्ध पेयजल और जहरीली शराब का मुद्दा उठाया। पीसीसी चीफ ने पेयजल व्यवस्था, जहरीली शराब से होने वाली मौतों और प्रदेश में कथित भ्रष्टाचार को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी कटनी के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बरही में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मंच से संबोधित करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह ऐसी सरकार है, जो लोगों को शुद्ध पेयजल तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है। इंदौर में दूषित पानी से लोगों की मौतों का मुद्दा उठाते हुए सरकार की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए। साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों में जहरीली शराब से कथित मौतों का जिक्र करते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
अधिकारियों पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अधिकारियों का बोलबाला है और बिना पैसे दिए आम लोगों के काम नहीं हो रहे हैं। जनता को सरकारी कार्यालयों में अपने काम कराने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने व्यवस्था में बदलाव की जरूरत बताई। प्रदेश अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि मौजूदा सरकार के पास अब केवल दो वर्ष का समय बचा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर कथित खनन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को जेल भेजने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
स्थानीय मुद्दे पर भी घेरा
बरही के विजय नाथ धाम में आयोजित जनसभा के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार की नीतियों और स्थानीय स्तर पर कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए। उनके संबोधन में आदिवासियों की जमीन, खनन गतिविधियों, पेयजल व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दे प्रमुखता से सामने आए।
महानदी पुल का मुद्दा विधानसभा के सदन में रखेंगे नेता प्रतिपक्ष
बरही नगर में आयोजित जनाक्रोश रैली में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार शामिल हुए। उन्होंने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि क्षेत्र की गंभीर समस्या है। ऑटो में लोग आना-जाना करते है। बस, बड़े वाहन नहीं निकलते, जिससे लोग परेशान हो रहे है। क्षेत्र की इस गंभीर समस्या को लेकर विधानसभा के सदन में रखा जाएगा और सरकार से कहूंगा कि यह पुल जल्द से जल्द बनाई जाए। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

