अनूप दुबे, ढीमरखेड़ा (कटनी)। कटनी जिले के उमरिया पान से जबलपुर जिले की सिहोरा तहसील को जोड़ने वाली तकरीबन 20 किलोमीटर लंबी लोक निर्माण विभाग (PWD) की सड़क खस्ताहाल स्थिति में हैं। सड़क में जगह-जगह गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जबलपुर, कटनी, उमरिया और शहडोल जैसे चार प्रमुख जिलों को आपस में जोड़ने वाली इस सड़क से रोजाना बड़ी संख्या में भारी वाहन गुजरते हैं। जर्जर सड़क के कारण न सिर्फ वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे है बल्कि वाहन चालकों का समय और ईंधन भी अधिक खर्च हो रहा है।

डामर के रेट बढ़ने का बहाना बना रहा PWD विभाग
मामले को लेकर ढीमरखेड़ा जनपद अध्यक्ष सुनीता दुबे के पति संतोष दुबे ने आरोप लगाते हुए बताया कि बीते दो वर्षों में इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को पत्राचार किया जा चुका है लेकिन इसके बावजूद अज तक समस्या का कोई समाधान नहीं निकला।

हैरानी की बात यह है कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों द्वारा यह तर्क दिया जा रहा है कि डामर का रेट बढ़ गया है जिसके वजह से सड़क में सुधार कार्य नहीं करवाया जा रहा है। जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। पेट्रोल पंप के पास विभाग द्वारा सड़क के एक हिस्से में मरम्मत कार्य किया गया लेकिन दूसरी ओर की सड़क पूरी तरह जर्जर छोड़ दी गई है, जिससे वाहन चालकों को मजबूरन खतरनाक रास्तों से गाड़ियां निकालनी पड़ रही हैं।

क्षतिग्रस्त पुलिया और बड़े हादसों की आशंका
इस खस्ताहाल मार्ग पर केवल सड़क ही नहीं बल्कि इसके पास बनी पुलिया भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इस रास्ते से भारी वाहनों के गुजरने के कारण कभी भी कोई बड़ी और अनहोनी दुर्घटना घटित होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और लोक निर्माण विभाग के मंत्री राकेश सिंह से जल्द से जल्द इस सड़क का सुधार करवाने की मांग की है। वहीं ढीमरखेड़ा एसडीएम निधि गोहल ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए PWD अधिकारियों को पत्र लिखकर सड़क की जल्द मरम्मत करवाने का आश्वासन दिया है।

विधायक के पत्र के बाद भी नहीं सुधरे हालात
आपको बता दें कि बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों की खस्ताहाल सड़कों की सुध लेने के लिए स्थानीय विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी पत्र लिखकर इन सड़कों का सर्वे करवाने और इन्हें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क परियोजना में शामिल करने की मांग की थी। इसके बावजूद PWD की सुस्त कार्यशैली और लापरवाही कभी भी किसी बड़े हादसे का सबब बन सकती है, जिसे लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी रोष व्याप्त है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

