अनूप दुबे, कटनी (ढीमरखेड़ा)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में नल जल योजना सिर्फ दिखावा साबित हो रहा है। ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत में आने वाली ग्राम पंचायत ज़िर्री के आदिवासी किन किन मोहल्ला वार्ड नंबर 2 में ग्रामीणों को नल जल योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि मोहल्ले में 10 परिवार रहते हैं। ग्राम पंचायत के आश्रित ग्रामों में नल जल योजना का काम ठेकेदार से करवाया जा रहा है, लेकिन हमारे मोहल्ले में किसी प्रकार का काम नहीं हुआ है और न ही पाइपलाइन डाली गई। 

उन्होंने कहा कि योजना का लाभ मिलने की उम्मीद नज़र आ रही है। ग्राम पंचायत में पिछले साल मोहल्ले में एक हैंडपंप खनन करवाया था जो सफल नहीं हो पाया। गर्मी के मौसम में ग्रामीण एक किलोमीटर दूर से कड़ी मशक्कत कर अपनी प्यास बुझा रहे हैं। कुछ ग्रामीणों ने कलेक्टर से गांव में पानी की व्यवस्था बनाने की मांग की है जिससे उन्हें कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। 

इस संबंध में पीएचई विभाग के उपयंत्री ओमप्रकाश गुप्ता से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया की ठेकेदार से जानकारी ली जाएगी कि मोहल्ले में आखिर पानी क्यों नहीं पहुंच रहा। वहीं जनपद सीईओ यादवेंद्र कोरी से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत से जानकारी लेकर पी एच ई विभाग को व्यवस्था बनाने के संबंध में निर्देश दिए जाएंगे। लापरवाही पाई जाने पर वरिष्ठ अधिकारियों को कार्रवाई के लिए पत्र व्यवहार किए जाएंगे। पूरा प्रयास रहेगा कि ग्रामीणों को पेयजल सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध हो।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m