वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिला सांसद कौशलेंद्र कुमार ने एक बार फिर मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। दरअसल एकंगरसराय से लौटते समय सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को सड़क पर तड़पता देख सांसद कौशलेंद्र कुमार ने अपना काफिला रुकवाया और एंबुलेंस का इंतजार करने की बजाय घायल युवक को अपनी ही गाड़ी से बिहार शरीफ सदर अस्पताल पहुंचाया। इतना ही नहीं, उन्होंने डीएम और सिविल सर्जन से बात कर घायल के बेहतर इलाज की भी व्यवस्था कराई।

कार्यक्रम से लौट रहे थे सांसद कौशलेंद्र कुमार

मिली जानकारी के अनुसार आज रविवार को एकंगरसराय में आयोजित एक कार्यक्रम से लौटते के दौरान नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार का काफिला दीपनगर थाना क्षेत्र के गोला के पास पहुंचा, जहां सड़क किनारे भारी भीड़ लगी थी। जानकारी लेने पर पता चला कि नूरसराय थाना क्षेत्र के खरजमा गांव निवासी 25 वर्षीय सूरज कुमार सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होकर काफी देर से सड़क पर पड़ा था।

कई बार फोन करने पर भी नहीं आई एंबुलेंस

स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार 102 एंबुलेंस सेवा को फोन किया गया, लेकिन समय पर कोई सहायता नहीं पहुंची। घायल की गंभीर हालत को देखते हुए सांसद कौशलेंद्र कुमार ने तुरंत अपना काफिला रुकवाया और बिना देर किए उसे अपनी गाड़ी में बैठाया। घायल को जगह देने के लिए उन्होंने अपने साथ मौजूद एक सहयोगी को दूसरी व्यवस्था करने को कहा और सीधे बिहार शरीफ सदर अस्पताल पहुंचे।

पीएमसीएच रेफर हुआ मरीज

अस्पताल पहुंचने के बाद सांसद कौशलेंद्र कुमार ने स्वयं जिला पदाधिकारी और सिविल सर्जन से फोन पर बात कर घायल के समुचित इलाज का अनुरोध किया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के दौरान युवक की हालत गंभीर पाई। उसके कान से खून निकल रहा था और अंदरूनी चोट की आशंका को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।

समाज में मानवता और संवेदनशीलता की जरूरत- सांसद

इस मौके पर सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि आज समाज में मानवता और संवेदनशीलता की जरूरत पहले से कहीं अधिक है। उन्होंने कहा कि यदि किसी घायल की समय पर मदद की जाए तो उसकी जान बचाई जा सकती है। हमें यह सोचकर आगे आना चाहिए कि यदि कल ऐसी स्थिति हमारे साथ हो, तो हमें भी किसी की मदद की आवश्यकता पड़ सकती है।

सांसद ने अस्पताल प्रशासन द्वारा तत्काल इलाज शुरू करने की सराहना की और घायल युवक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी सांसद के मानवीय व्यवहार की सराहना की।

ये भी पढ़ें- ‘AI भी हो जाएगा फेल’, सम्राट सरकार पर बरसीं राजद नेत्री कांति सिंह, नियत पर उठाया सवाल