सतीश सिंह, कौशाम्बी. उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले के महमूदपुर मनौरी (पियरी) गांव में सोमवार दोपहर को एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट होने से 11 लोगों की मौत हो गई. घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं. साथ ही मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख की आर्थिक सहायता व घायलों को 50-50 हजार रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है.

कौशाम्बी जिले का महमूदपुर मनौरी (पियरी) गांव प्रयागराज के बॉर्डर पर स्थित है. हादसा दोपहर 12.30 बजे के आसपास हुआ.पुलिस के अनुसार, विस्फोट से पूरी फैक्ट्री जमींदोज हो गई. हादसे के वक्त फैक्ट्री में करीब 20 मजदूर काम कर रहे थे. घटनास्थल से मनौरी स्थित एयरफोर्स स्टेशन मात्र दो किलोमीटर दूर है. विस्फोट के तुरंत बाद पुलिस, एयरफोर्स, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के करीब 200 जवान रेस्क्यू कार्य में जुट गए. मलबा हटाने के लिए 10 बुलडोजर तैनात किए गए हैं.

इसे भी पढ़ें : पेड़ पर फंदे से लटकती मिली माली की लाश, परिजनों ने कॉलेज मैनेजमेंट पर लगाया हत्या का आरोप; इलाके में भारी तनाव

विस्फोट के बाद धुएं का गुबार चारों तरफ फैला

यह फैक्ट्री करीब 800 वर्गफीट क्षेत्र में बनी थी. मालिक का नाम आदिल बताया जा रहा है. पुलिस के मुताबिक, फैक्ट्री के बगल में नई बस्ती बस रही थी. धमाके की आवाज दो किलोमीटर दूर तक सुनाई देने के साथ ही धुएं का गुबार चारों तरफ फैल गया. विस्फोट के बाद पटाखों के कारण लगातार धमाके होते रहे. ग्रामीण झुलसे लोगों को चारपाई पर ले जाते दिखे.

हादसे में इनकी हुई मौत

हादसे में मरने वाले लोगों में प्रियांजलि (5 वर्ष), प्रवीण सिंह (13 वर्ष), जाह्नवी (12 वर्ष), आदित्य (12 वर्ष), रवि (8 वर्ष ), ज्ञान सिंह ( 40 वर्ष ), आदित्य (8 वर्ष), अंजू (32 वर्ष), विक्रम सरोज (35 वर्ष), अंश (6 वर्ष), नन्हा (4वर्ष) शामिल है.