कौशांबी में करीब पांच साल से प्रेम संबंध में रही युवती ने प्रेमी की दूसरी युवती से सगाई के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
कौशांबी. जिले में प्रेम संबंध से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जहां प्रेमी की दूसरी युवती से सगाई होने के बाद एक युवती ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया. हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मामला कोखराज थाना क्षेत्र का है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
पांच साल का संबंध
परिजनों के मुताबिक, कोखराज थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती का नरेंद्र कुमार नाम के युवक से करीब पांच साल से प्रेम संबंध था. बताया गया है कि नरेंद्र ने उससे शादी करने का वादा किया था और दोनों के बीच नजदीकी संबंध भी थे.
आरोप है कि इसी दौरान नरेंद्र कुमार ने किसी दूसरी युवती से सगाई कर ली. इसकी जानकारी मिलने के बाद युवती मानसिक रूप से परेशान थी. परिजनों का आरोप है कि इसी से आहत होकर उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया.
इलाज के दौरान मौत
जहरीला पदार्थ खाने के बाद युवती की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच के साथ युवती की मौत को लेकर लगाए जा रहे आरोपों की भी पड़ताल कर रही है.
कानपुर में सर्जन ने दी जान
कानपुर में भी आत्महत्या का एक अलग मामला सामने आया था. यहां 47 वर्षीय सरकारी अस्पताल के जनरल सर्जन संदीप सिंह ने पत्नी से विवाद के बाद कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली थी.
पुलिस के मुताबिक, संदीप सिंह कानपुर देहात के एक कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में तैनात थे. 4 अक्टूबर को निराला नगर स्थित ब्लॉसम अपार्टमेंट में उन्होंने अपनी छाती में गोली मारी.
गोली चलने की आवाज सुनकर उनकी पत्नी कंचन कमरे में पहुंचीं, जहां संदीप खून से लथपथ जमीन पर पड़े मिले. परिवार के लोग उन्हें रीजेंसी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने घटना की जानकारी दी. पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है.

