Kawardha News : प्रदीप गुप्ता, कवर्धा. जिले के नरोधी गांव से एक महिला को कथित तौर पर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश का मामला सामने आया है. घटना में 26 वर्षीय लीला पाली गंभीर रूप से झुलस गईं. शरीर पर पीड़िता ने अपने ससुर रूप सिंह पाली और सास कुंती पाली पर घटान को अंजाम देने का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
न्याय के लिए मजबूर पीड़िता, लगा रही पुलिस अधिकारियों के चक्कर
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने एफआईआर तो दर्ज कर ली, लेकिन नामजद आरोपियों के खिलाफ अब तक गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं की गई है. गंभीर रूप से झुलसने के बाद इलाज करा रही लीला का कहना है कि उनकी स्थिति ठीक नहीं है. उनके दो छोटे बच्चे हैं और इसके बावजूद उन्हें न्याय के लिए लगातार पुलिस अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं.
एसपी से भी की शिकायत
लीला के मुताबिक, उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर कबीरधाम एसपी को भी लिखित शिकायत दी है. उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है. पीड़िता ने आरोप लगाया कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है और कार्रवाई में देरी के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पीड़िता ने नामजद आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
मामले की विवेचना जारी : एसपी जितेंद्र यादव
मामले में कबीरधाम एसपी जितेंद्र यादव ने पुष्टि की है कि महिला के आरोप के आधार पर प्रकरण दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि मामले की विवेचना जारी है. जांच पूरी होने के बाद तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति और आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी. वहीं गंभीर रूप से झुलसी महिला द्वारा गिरफ्तारी को लेकर उठाए गए सवालों के बाद मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

