Automobile Desk – प्रीमियम बाइक सेगमेंट में अपनी मजबूत पकड़ रखने वाली जापानी टू-व्हीलर निर्माता कंपनी कावासाकी (Kawasaki) ने भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय एडवेंचर टूरर बाइक ‘वर्सिस 650’ (Versys 650) का 2027 वेरिएंट उतारे जाने का ऐलान कर दिया है। कंपनी ने इस नई मोटरसाइकिल की एक्स-शोरूम कीमत 8.63 लाख रुपये तय की है। अगस्त 2026 के अंतिम सप्ताह से ग्राहकों तक इसकी डिलीवरी भी शुरू होने जा रही है। अगर आप लंबी दूरी का सफर तय करने के लिए एक आरामदायक और दमदार बाइक की तलाश में हैं, तो यह नया अवतार आपको लुभा सकता है।

कंपनी ने इस बार बाइक के मैकेनिकल ढांचे में कोई फेरबदल नहीं किया है, बल्कि इसे एक एकदम नया और आकर्षक ‘कैंडी लाइम ग्रीन’ शेड दिया है। कावासाकी का हरा रंग हमेशा से राइडर्स के बीच खास पहचान रखता है, और यह नया शेड बाइक के स्पोर्टी लुक को पहले से ज्यादा निखारता है। बॉडी ग्राफिक्स, चेसिस और ओवरऑल डिजाइन को पहले जैसा ही बरकरार रखा गया है। जो राइडर्स ब्रांड के Iconic Green Color के दीवाने हैं, उनके लिए यह नया ऑप्शन काफी खास रहने वाला है।

ताकत और परफॉर्मेंस के मामले में वर्सिस 650 में पहले जैसा ही भरोसेमंद 649cc का लिक्विड-कूल्ड, पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है। यह पावरफुल इंजन 8,500 rpm पर 67 hp की अधिकतम पावर और 7,000 rpm पर 61 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। स्मूथ गियर शिफ्टिंग के लिए 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ असिस्ट-एंड-स्लिपर क्लच का सपोर्ट मिलता है, जो भारी ट्रैफिक या अचानक गियर डाउन करते समय राइडिंग को बेहद आसान बना देता है।

लंबे सफर को ध्यान में रखते हुए बाइक के सस्पेंशन सेटअप को काफी संतुलित रखा गया है। इसके फ्रंट में 150mm ट्रैवल वाला 41mm का टेलीस्कोपिक फोर्क और रियर में 145mm ट्रैवल वाला मोनोशॉक सस्पेंशन दिया गया है। पिछले सस्पेंशन में रिमोट प्रीलोड एडजस्टर की सुविधा है, जिससे राइडर पिलियन (पीछे बैठने वाली सवारी) या भारी सामान के वजन के हिसाब से सस्पेंशन की सेटिंग को खुद ही एडजस्ट कर सकता है।

सुविधाओं और सेफ्टी फीचर्स की बात करें तो इसमें 4.3 इंच का टीएफटी कलर डिस्प्ले दिया गया है जो स्मार्टफोन कनेक्टिविटी को सपोर्ट करता है। इसके अलावा ऑल-एलईडी लाइटिंग सेटअप, ट्रैक्शन कंट्रोल और हाईवे पर हवा के दबाव से बचाने के लिए एडजस्टेबल विंडस्क्रीन दी गई है।

इस टूरर बाइक में 21 लीटर क्षमता का फ्यूल टैंक मिलता है, जिससे बार-बार पेट्रोल पंप पर रुकने का झंझट खत्म हो जाता है। पूरे फ्यूल टैंक के साथ बाइक का कर्ब वजन 220 किलोग्राम बैठता है। इसकी सीट की ऊंचाई 845mm है, जिसे संभालने में कम हाइट वाले राइडर्स को थोड़ी मेहनत करनी पड़ सकती है, जबकि 170mm का ग्राउंड क्लीयरेंस भारतीय सड़कों के गड्डों और स्पीड ब्रेकर्स पर राइड को सुरक्षित बनाता है।

भारतीय ऑटो बाजार में 2027 कावासाकी वर्सिस 650 का सीधा मुकाबला होंडा एनएक्स500 (Honda NX500) से माना जा रहा है, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत लगभग 7.44 लाख रुपये है। हालांकि, जहां होंडा की बाइक एडवेंचर और ऑफ-रोडिंग की तरफ ज्यादा झुकाव रखती है, वहीं कावासाकी वर्सिस 650 विशुद्ध रूप से लंबी दूरी की हाईवे क्रूज़िंग और कंफर्ट टूरिंग के लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित होती है।