उत्तराखंड में केदारनाथ और चारधाम के लिए दूसरे चरण की हेली सेवा 15 सितंबर से शुरू होगी. टिकटों की बुकिंग 2 या 3 सितंबर से 15-15 दिनों के लिए खोलने का निर्णय लिया गया है.
देहरादून. उत्तराखंड में केदारनाथ और चारधाम के लिए दूसरे चरण की हेली सेवा 15 सितंबर से शुरू होने जा रही है. इसके लिए तैयारियां जारी हैं और महानिदेशालय नागरिक उड्डयन (डीजीसीए) की टीम जल्द ही उत्तराखंड पहुंचकर हेलीपैड की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेगी.
सितंबर से हेली सेवा
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) की ओर से हेली सेवा के टिकटों की बुकिंग 2 या 3 सितंबर से शुरू किए जाने की तैयारी है. टिकट बुकिंग केवल 15 दिनों के लिए खोली जाएगी.
प्रदेश में हर साल हेली सेवा के जरिए लाखों लोग केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. इस साल केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही 22 अप्रैल से हेली सेवाओं का संचालन शुरू हुआ था.
आठ हेली कंपनियां जुड़ीं
इस वर्ष आठ हेली कंपनियों ने गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा के आठ हेलीपैड से सेवाओं का संचालन किया. बारिश को देखते हुए पहले चरण की हेली सेवा 25 जून तक ही संचालित की गई.
अब हेली सेवा का दूसरा चरण 15 सितंबर से शुरू होगा. इसके लिए हेली कंपनियों के साथ बैठक हो चुकी है, जबकि यूकाडा भी तैयारी बैठक कर चुका है.
कालाबाजारी रोकने की तैयारी
बैठक में हेली टिकटों की कालाबाजारी को देखते हुए बुकिंग व्यवस्था में बदलाव का निर्णय लिया गया. इसके तहत टिकटों की बुकिंग एक साथ लंबी अवधि के लिए खोलने के बजाय केवल 15-15 दिनों के लिए शुरू की जाएगी.


