Lifestyle Desk- गर्मियों के मौसम में पुदीना लगभग हर घर की जरूरत बन जाता है. ठंडी-ठंडी शिकंजी हो, मसालेदार चटनी, रायता या फिर डिटॉक्स ड्रिंक — पुदीना स्वाद और ताजगी दोनों बढ़ा देता है. लेकिन एक परेशानी लगभग हर किसी को होती है कि पुदीना बहुत जल्दी खराब हो जाता है. हरी धनिया की तुलना में इसकी पत्तियां ज्यादा नाजुक होती हैं, इसलिए तेज गर्मी में यह एक-दो दिन में ही मुरझाने या सड़ने लगता है. ऐसे में बार-बार बाजार से पुदीना लाना, उसे साफ करना और पीसना काफी झंझट भरा काम बन जाता है. अगर आप भी इस परेशानी से बचना चाहते हैं, तो “पुदीना आइस क्यूब” का तरीका आपके बहुत काम आ सकता है. यह आसान हैक न केवल पुदीने को लंबे समय तक फ्रेश बनाए रखेगा, बल्कि जरूरत पड़ने पर तुरंत इस्तेमाल करने की सुविधा भी देगा. खास बात यह है कि आप एक बार मेहनत करके कई दिनों तक आराम से पुदीने का इस्तेमाल कर सकते हैं. आइए जानते हैं इसे बनाने और इस्तेमाल करने का तरीका.

कैसे बनाएं पुदीना आइस क्यूब?

पुदीना आइस क्यूब बनाने के लिए सबसे पहले ताजा पुदीने की पत्तियां लें. इन्हें अच्छी तरह पानी से धोकर साफ कर लें ताकि मिट्टी या धूल पूरी तरह निकल जाए. इसके बाद पत्तियों को कुछ देर सूखने दें. अब मिक्सर में पुदीने की पत्तियां डालें. चाहें तो इसमें थोड़ा हरा धनिया, हरी मिर्च या थोड़ा पानी भी मिला सकते हैं. इसे बारीक पीस लें. तैयार पेस्ट को आइस ट्रे में भर दें. हर क्यूब में जरूरत के हिसाब से पेस्ट डालें और ऊपर से थोड़ा पानी डाल दें ताकि क्यूब आसानी से जम जाएं. इसके बाद ट्रे को फ्रीजर में रख दें. कुछ घंटों में पुदीना आइस क्यूब तैयार हो जाएंगे. जब क्यूब पूरी तरह जम जाएं, तो इन्हें ट्रे से निकालकर एयरटाइट कंटेनर या जिप लॉक बैग में स्टोर कर लें. इससे फ्रीजर में जगह भी कम लगेगी और क्यूब लंबे समय तक सुरक्षित रहेंगे.

इस्तेमाल करना भी है बेहद आसान

जब भी आपको चटनी बनानी हो, छाछ, जलजीरा, मोजिटो या किसी ड्रिंक में पुदीना डालना हो, बस एक या दो क्यूब निकालें और सीधे इस्तेमाल कर लें. इससे बार-बार पुदीना धोने, काटने और पीसने का समय बच जाएगा.

क्यों है यह तरीका फायदेमंद?

पुदीना आइस क्यूब बनाने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि पुदीना लंबे समय तक ताजा बना रहता है और खराब नहीं होता. साथ ही, इसकी खुशबू और स्वाद भी काफी हद तक बरकरार रहता है. गर्मियों में जब पुदीना जल्दी सूख जाता है, तब यह तरीका बेहद उपयोगी साबित हो सकता है।अगर आप भी किचन के काम को आसान बनाना चाहते हैं और गर्मियों में ताजगी से भरपूर पुदीना हमेशा तैयार रखना चाहते हैं, तो इस आसान हैक को जरूर ट्राई करें.