Lifestyle Desk – बारिश का मौसम जहां गर्मी से राहत लेकर आता है, वहीं रसोई में रखे मसालों के लिए कई चुनौतियां भी पैदा कर देता है. इन दिनों हवा में नमी का स्तर काफी बढ़ जाता है, जिसका सीधा असर मसालों की गुणवत्ता पर पड़ता है. हल्दी, लाल मिर्च, धनिया, गरम मसाला, जीरा और अन्य मसाले अगर सही तरीके से स्टोर न किए जाएं तो उनमें सीलन आ सकती है, वे आपस में चिपकने लगते हैं और धीरे-धीरे अपनी खुशबू व स्वाद खोने लगते हैं. इतना ही नहीं, अधिक नमी के कारण मसालों में फफूंदी और छोटे-छोटे कीड़े लगने का खतरा भी बढ़ जाता है.

ऐसे में मानसून के दौरान मसालों की देखभाल सामान्य दिनों की तुलना में अधिक जरूरी हो जाती है. मसाले किसी भी भारतीय रसोई की जान होते हैं. इन्हीं की वजह से खाने में स्वाद, रंग और खुशबू आती है. लेकिन अगर मसाले खराब हो जाएं तो न सिर्फ खाने का स्वाद बिगड़ता है, बल्कि उनकी गुणवत्ता भी प्रभावित होती है. इसलिए बारिश के मौसम में मसालों को स्टोर करने के तरीके पर विशेष ध्यान देना चाहिए. आइए जानते हैं मसाले सही तरह से स्टोर करने के तरीके.

एयरटाइट कंटेनर में रखें

मसालों को हमेशा एयरटाइट कंटेनर में ही रखना चाहिए. प्लास्टिक की बजाय कांच या स्टील के डिब्बे ज्यादा बेहतर माने जाते हैं, क्योंकि इनमें नमी प्रवेश करने की संभावना कम होती है. हर बार मसाले निकालते समय यह भी सुनिश्चित करें कि चम्मच पूरी तरह सूखा हो. गीला चम्मच इस्तेमाल करने से कंटेनर के अंदर नमी पहुंच जाती है, जिससे मसाले जल्दी खराब होने लगते हैं.

मसालों के डिब्बे गैस स्टोव के पास ना रखें

कई लोग मसालों के डिब्बे गैस स्टोव के बिल्कुल पास रख देते हैं, लेकिन यह आदत भी नुकसानदायक साबित हो सकती है. खाना बनाते समय निकलने वाली भाप और गर्मी मसालों तक पहुंचकर उनमें नमी बढ़ा देती है. इसलिए मसालों को हमेशा ठंडी, सूखी और अंधेरी जगह पर स्टोर करना बेहतर होता है.

जरूरत के अनुसार पीसे और करें इस्तेमाल

अगर आप साबुत मसाले जैसे जीरा, धनिया, काली मिर्च या लौंग का इस्तेमाल करते हैं, तो उन्हें पिसे हुए मसालों की तुलना में अधिक समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है. जरूरत के अनुसार इन्हें पीसकर इस्तेमाल करने से उनका स्वाद और खुशबू भी लंबे समय तक बनी रहती है. मानसून में मसालों की नियमित जांच करना भी जरूरी है.

मसालो की करते रहें जांच

यदि किसी मसाले में बदबू आने लगे, रंग बदल जाए, फफूंदी दिखाई दे या छोटे कीड़े नजर आएं, तो उसे तुरंत अलग कर देना चाहिए. ऐसे मसालों का इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है.

फ्रिज में ना रखें

कुछ लोग नमी से बचाने के लिए मसालों को फ्रिज में रखने की सोचते हैं, लेकिन बार-बार बाहर निकालने और वापस रखने से तापमान में बदलाव के कारण कंटेनर के अंदर कंडेनसेशन हो सकता है, जिससे नमी और बढ़ सकती है. इसलिए केवल जरूरत पड़ने पर ही कुछ विशेष मसालों को फ्रिज में रखें और सामान्य मसालों को सूखी जगह पर ही स्टोर करें.

थोड़ी-सी सावधानी अपनाकर आप मानसून के पूरे मौसम में मसालों की ताजगी, खुशबू और स्वाद को बरकरार रख सकते हैं. सही तरीके से स्टोर किए गए मसाले न केवल आपके खाने का स्वाद बढ़ाएंगे, बल्कि लंबे समय तक सुरक्षित भी रहेंगे. इसलिए इस बारिश के मौसम में अपनी रसोई की सबसे जरूरी चीज यानी मसालों की देखभाल करना बिल्कुल न भूलें.