अमेठी दौरे पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आरजीआईपीटी में तीन छात्रावासों का लोकार्पण किया और 17 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना के चेक वितरित किए. मीडिया से बातचीत में उन्होंने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए 2047 तक सत्ता में वापसी नहीं होने का दावा किया.

आदित्य मिश्र, अमेठी. प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को एक दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचे. जायस स्थित राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम टेक्नोलॉजी (आरजीआईपीटी) में उन्होंने एसएससी बोस, होमी भाभा और विद्यासागर छात्रावासों का लोकार्पण किया.

करीब एक हजार छात्रों की क्षमता वाले इन छात्रावासों में विद्यार्थियों को आधुनिक और हाईटेक आवासीय सुविधाएं मिलेंगी. लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने संस्थान के अधिकारियों से छात्रावासों और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली.

इसके बाद उन्होंने 17 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत चेक वितरित किए.

भाजपा नेताओं के साथ बैठक

आरजीआईपीटी परिसर में ही उपमुख्यमंत्री ने भाजपा के पदाधिकारियों और नेताओं के साथ बैठक की. बैठक में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंथन किया गया.

उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संगठन को मजबूत करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया.

विकास कार्यों की समीक्षा

इसके बाद केशव प्रसाद मौर्य ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जिले में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली. उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए.

साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया.

सपा-कांग्रेस पर निशाना

मीडिया से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 2047 तक समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में और कांग्रेस केंद्र में सत्ता में वापस नहीं आएगी. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में विकास और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रही है.

इस दौरान उन्होंने अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अमेठी के लोगों से इस बार चूक हो गई, जिसके कारण स्मृति ईरानी चुनाव हार गईं.

अगर वह चुनाव जीततीं तो केंद्र में एक और मंत्री होता.

कार्यक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री भाजपा के पूर्व पदाधिकारी भागीरथी मौर्य के घर पहुंचे और परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की. इसके बाद वह प्रयागराज के लिए रवाना हो गए.