पानीपत। हरियाणा के पानीपत से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां आसाराम बापू केस के मुख्य गवाह महेंद्र चावला को पुलिस ने ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया है। महेंद्र चावला पर एक सरपंच को डरा-धमकाकर 70 लाख रुपये हड़पने का संगीन आरोप लगा है। हैरानी की बात यह है कि भारी-भरकम रकम वसूलने के बाद भी आरोपी की भूख शांत नहीं हुई और वह लगातार 80 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहा था। सीआईए की टीम ने इस मामले में जाल बिछाकर महेंद्र के साथ उसके भाई देवेंद्र और भतीजे राम को भी गिरफ्तार कर लिया है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इस पूरे घटनाक्रम का एक सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें एक व्यक्ति बैग ले जाता दिखाई दे रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह महेंद्र का भाई है जो एक मध्यस्थ के घर से 70 लाख रुपये का कैश लेकर निकला था।
पुलिस अन्य आरोपियों की कर रही तलाश
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए महेंद्र की मां गोपाली देवी के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है। गवाह के तौर पर चर्चित रहे महेंद्र चावला की इस गिरफ्तारी ने स्थानीय स्तर पर हड़कंप मचा दिया है और पुलिस अब इस सिंडिकेट के अन्य संभावित शिकारों की तलाश कर रही है।

