खगड़िया। बिहार में कांग्रेस के भीतर सांगठनिक सुदृढ़ीकरण और बदलाव की लहर अब जिलों तक पहुंच गई है। इसी कड़ी में खगड़िया के मानसी प्रखंड स्थित आरा मील बाजार में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व विधायक और एआईसीसी सदस्य छत्रपति यादव ने पार्टी की वर्तमान स्थिति पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने आगामी 21 अप्रैल 2026 को खगड़िया के के.एन. क्लब में आयोजित होने वाले कांग्रेस बचाओ सम्मेलन का आधिकारिक ऐलान किया और कार्यकर्ताओं से इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
पटना महासम्मेलन के निर्णय को आगे बढ़ाने की कवायद
छत्रपति यादव ने बताया कि पार्टी को बचाने की यह मुहिम 17 मार्च 2026 को पटना में आयोजित बिहार कांग्रेस बचाओ महासम्मेलन का विस्तार है। उस बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि दिल्ली में प्रस्तावित विशाल धरने से पहले बिहार के हर जिले में सम्मेलन आयोजित कर कार्यकर्ताओं को एकजुट किया जाएगा। खगड़िया का यह सम्मेलन इसी रणनीति का हिस्सा है।
आपका साथ चाहिए यात्रा के जरिए जनसंवाद
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए छत्रपति यादव ने 25 मार्च से चौथम प्रखंड से आपका साथ चाहिए यात्रा का शंखनाद किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य बिहार के सभी प्रखंडों तक पहुंचकर समाज और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करना है। यात्रा के अगले चरण में वे 5 से 7 अप्रैल तक चौथम और 8 से 10 अप्रैल तक बेलदौर प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे।
टिकट वितरण और पारदर्शिता पर सवाल
वर्तमान प्रदेश नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि पार्टी इस समय संक्रमणकाल से गुजर रही है। समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ता खुद को हाशिए पर महसूस कर रहे हैं। उन्होंने 2025 के विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण के दौरान हुई कथित अनियमितताओं और गड़बड़ियों का मुद्दा उठाते हुए संगठन में पूर्ण पारदर्शिता और सुधार की मांग की।
पार्टी की मजबूती के लिए एकजुटता की अपील
प्रेस वार्ता के दौरान कुंदन सिन्हा, विनय राम, बुद्धन यादव और संतोष चंद्रवंशी जैसे वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही। छत्रपति यादव ने अंत में कहा कि आपका साथ चाहिए यात्रा केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि एक जनसंवाद यात्रा है, जिससे जनता की बुनियादी समस्याओं को समझा जा सके। उन्होंने आह्वान किया कि 21 अप्रैल का सम्मेलन कांग्रेस के भविष्य की दिशा तय करेगा, इसलिए हर शुभचिंतक को इसमें शामिल होना चाहिए।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

