Khagaria Double Murder: बिहार के खगड़िया में कल गुरुवार की रात हुए डबल हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। दरअसल पूरा मामला भरतखंड थाना क्षेत्र के खजरैठा गांव का है, जहां पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में चाकूबाजी की घटना हो गई। घटना में चाकू लगने से चाचा-भतीजे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सबसे पहले परबत्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही बीच रास्ते में दोनों चाचा भतीजे ने अपना दम तोड़ दिया।

इलाके में तनाव का माहौल

चाचा-भतीजे की मौत के बाद परिजनों में जहां कोहराम मच गया। वहीं, इलाके के लोगों में भी शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों की पहचान खजरैठा गांव निवासी गौरव कुमार (23) पुत्र स्व. विनोद चौधरी और अंकुर कुमार (22) पुत्र पप्पू चौधरी के रूप में हुई है। गौरव और अंकुर आपस में चाचा-भतीजा लगते थे। घटना के बाद से इलाके के लोगों में तनाव का भी माहौल है, जिसे ध्यान में देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

पैसे के लेन-देन को लेकर था पुराना विवाद

परिजनों के मुताबिक गौरव और अंकुर का गांव के ही पंकज चौधरी के साथ पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। यह विवाद काफी दिनों से चला आ रहा था। गुरुवार की सुबह इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई थी। हालांकि मामले को शांत कराने के लिए बुलाई गई पंचायत में उस समय यह विवाद खत्म हो गया। लेकिन शाम होते-होते दोनों पक्षों में फिर से विवाद बढ़ गया। इसी दौरान चाकूबाजी की भी घटना हो गई।

चाचा-भतीजे की मौत से परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़

चाकू लगने से अंकुर और गौरव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद परिजन व स्थानीय लोग आनन-फानन में दोनों घायलों को लेकर इलाज के लिए परबत्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही बीच रास्ते में दोनों चाचा-भतीजे की मौत हो गई। एक साथ दो मौतों से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद से घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक गौरव अपने माता-पिता का इकलौता संतान था।

पुलिस ने 3 लोगों को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पंकज चौधरी, उनकी पत्नी और बेटे को हिरासत में ले लिया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। घटना के संबंध में भरतखंड थानाध्यक्ष सावित्री कुमारी ने बताया कि मामले में 3 लोगों को हिरासत में लिया गया है,उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, दोनों शवों को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराने के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया।

अस्पताल पहुंचे परबत्ता विधायक ने जताया दुख

जिले में डबल हत्याकांड की खबर मिलते ही मौके पर परबत्ता से लोजपा के विधायक बाबू लाल शौर्य सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उनके प्रति अपनी संवेदना जाहिर की। इसके साथ ही उन्होंने घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से मामले में उचित जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को सुरक्षा और आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराने की मांग की।

ये भी पढ़ें- मोतिहारी में डायन का आरोप लगाकर मां-बेटे पर जानलेवा हमला, लूटपाट और बाइक छीनने का मामला दर्ज