अनिल मालवीय, इछावर। कानून व्यवस्था और सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली पुलिस जब खुद नियमों की धज्जियां उड़ाने लगे, तो जनता का भरोसा टूटना लाजमी है। ऐसा ही एक शर्मनाक मामला इछावर से सामने आया है, जहाँ कोर्ट में पदस्थ एक मुंशी संजीव गोड पुलिसकर्मी वर्दी की मर्यादा भूलकर शराब के नशे में धुत होकर सड़क पर तमाशा करते नजर आए।
थाने के सामने किया हंगामा, परिसर में भी झूमते रहे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इछावर कोर्ट में पदस्थ कोर्ट मुंशी संजीव गोड ड्यूटी के दौरान शासकीय वर्दी पहने हुए थे और अत्यधिक शराब के नशे में थे। नशे की हालत में उन्होंने पहले थाने के ठीक सामने जमकर उत्पात मचाया और हंगामा किया। इसके बाद वे लड़खड़ाते और झूमते हुए थाना परिसर के अंदर तक जा पहुंचे।
जनता में भारी आक्रोश, रोज़ की आदत का आरोप
वर्दी में मुंशी को इस हालत में देखकर वहां मौजूद आम जनता और राहगीर दंग रह गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि जो पुलिसकर्मी दूसरों की सुरक्षा और समाज में अनुशासन बनाए रखने के लिए जिम्मेदार हैं, अगर वे खुद ही सरेआम ऐसा कृत्य करेंगे, तो उनसे क्या उम्मीद की जा सकती है?
स्थानीय नागरिकों का कहना है: “यह कोई पहली बार नहीं है। उक्त मुंशी का यह आए दिन का काम है। वे अक्सर इसी तरह शराब के नशे में धुत रहते हैं, जिससे पुलिस विभाग की छवि खराब हो रही है।” इस घटना का वीडियो और खबर सामने आने के बाद अब स्थानीय लोगों ने वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि कर्तव्य के दौरान शराब पीकर हंगामा करने वाले इस पुलिसकर्मी पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

