कुंदन कुमार/पटना। बिहार की राजधानी पटना में शिक्षा का केंद्र माने जाने वाले खान सर के कोचिंग संस्थान पर मंगलवार देर रात हुए जानलेवा हमले ने पूरे शैक्षणिक जगत को स्तब्ध कर दिया है। इस घटना के बाद पटना पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए ‘ज्ञान बिंदु कोचिंग’ के डायरेक्टर रॉशन आनंद को हिरासत में लिया है, जिन्हें फिलहाल मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया है।
सम्मान समारोह के बाद दहला कोचिंग संस्थान
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को खान सर के संस्थान में बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में सफल हुए हजारों छात्रों के लिए एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। यह आयोजन देर रात तक चला। समारोह समाप्त होने के बाद जब कर्मचारी संस्थान बंद करने की प्रक्रिया में थे, तभी कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने वहां धावा बोल दिया। उपद्रवियों ने न केवल संस्थान के फर्नीचर और अन्य संपत्तियों में जमकर तोड़फोड़ की, बल्कि वहां तैनात सुरक्षा गार्ड को भी अपना निशाना बनाया। हमले में गार्ड का सिर बुरी तरह फट गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गनीमत रही कि समय पर उपचार मिलने से उनकी जान बच गई।
कोचिंग उड़ाने की मिली धमकी
खान सर ने घटना की भयावहता बताते हुए कहा कि हमलावर सिर्फ तोड़फोड़ तक सीमित नहीं थे, बल्कि उन्होंने पूरे संस्थान को बम से उड़ाने की सीधी धमकी भी दी। हमलावरों ने चुनौती देते हुए कहा कि अगले दो दिनों के भीतर कोचिंग को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया जाएगा। इस घटना ने छात्रों और उनके परिजनों के बीच गहरा डर पैदा कर दिया है।
रॉशन आनंद का सनसनीखेज पलटवार
इस मामले में मोड़ तब आया जब ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रॉशन आनंद ने खान सर पर ही गंभीर आरोप मढ़ दिए। रॉशन आनंद का कहना है खान सर हमें फंसाने की साजिश रच रहे हैं और मेरे कोचिंग को बर्बाद करना चाहते हैं। वहां कोई गोली नहीं चली है यह पूरी तरह से एक मनगढ़ंत कहानी है। उन्होंने दावा किया कि यह सब उन्हें बदनाम करने के लिए किया जा रहा है।
कोचिंग माफियाओं का वर्चस्व और साजिश का अंदेशा
खान सर ने इसे कोचिंग माफियाओं की सुनियोजित साजिश करार दिया है। उनका तर्क है कि वे छात्रों को न्यूनतम शुल्क पर उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करते हैं जो कुछ प्रतिद्वंद्वी संस्थानों को रास नहीं आ रहा है। खान सर ने जिला प्रशासन से कड़ी सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, पटना पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।

