इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के छनेरा हरसूद में आयोजित रानी दुर्गावती जन्मोत्सव एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ कार्यक्रम में केवल शासकीय भव्यता ही नहीं, बल्कि एक खूबसूरत राजनीतिक सौहार्द का रंग भी देखने को मिला। इस शासकीय कार्यक्रम में पहुंचे टिमरनी से कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह ने राज्य सरकार के इस कदम की जमकर तारीफ की।
“रानी दुर्गावती पर हमें गर्व, सम्मान में शामिल होने में कोई आपत्ति नहीं”
कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल होने पहुंचे कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह ने मीडिया से बात करते हुए राज्य सरकार के इस आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती हमारे समाज की महान वीरांगना थीं और उन पर हम सभी को गर्व है। यदि हरसूद की पावन धरा से रानी दुर्गावती के 52 गढ़ के राजवंशों के वंशजों को सम्मानित किया जा रहा है, तो यह बेहद अच्छी और गौरवशाली बात है। इस सम्मान समारोह में शामिल होने पर हमें कोई आपत्ति नहीं है।
दलगत राजनीति से ऊपर हैं वीर-वीरांगनाएं: अभिजीत शाह
बीजेपी सरकार के इस आयोजन की तारीफ करते हुए कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह ने बड़ा दिल दिखाते हुए कहा कि देश के वीर पुरुषों और वीरांगनाओं का सम्मान किसी दल या राजनीति की सीमाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, तब भी महापुरुषों का सम्मान किया गया था और अब बीजेपी की सरकार भी वही काम आगे बढ़ा रही है। सरकार चाहे कांग्रेस की हो या बीजेपी की देश के शूरवीरों और वीरांगनाओं को नमन करना और सम्मान देना हर सरकार की नैतिक जिम्मेदारी होती है, और मौजूदा सरकार वही जिम्मेदारी निभा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

