हर्षराज गुप्ता, बड़वाह। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के अंतर्गत आने वाले मोरटक्का-ओंकारेश्वर एक्वाडक्ट पुल पर सोमवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। इंदौर से अपने मायके रक्षाबंधन मनाने जा रही 27 वर्षीय महिला पिंकी राठौर ने नर्मदा नदी के गहरे पानी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से ठीक पहले महिला ने अपने पति को फोन कर पुल पर होने की बात कही थी, लेकिन जब तक पति बाइक से मौके पर पहुंचता, तब तक देर हो चुकी थी।
इंदौर से मायके के लिए निकली थी पिंकी
मृतका की पहचान खारवा, झिरन्या की रहने वाली पिंकी पति भोला राठौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पति भोला ने बताया कि पिंकी रक्षाबंधन मनाने अपने मायके टिगरिया जा रही थी। भोला ने खुद उसे इंदौर से बस में बैठाया था। लेकिन रास्ते में पिंकी बस से उतर गई और पति को फोन कर कहा कि वह नर्मदा के एक्वाडक्ट पुल पर खड़ी है और तुरंत वहां पहुंचे।
सूचना मिलते ही भोला बाइक से बड़वाह की ओर भागा, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही पिंकी ने नर्मदा नदी में छलांग लगा दी। वहीं घटना की सूचना मिलते ही नावघाटखेड़ी के स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
पत्नी का शव देखते ही भोला बेसुध होकर गिर पड़ा। तबीयत बिगड़ने पर उसे तुरंत बड़वाह के शासकीय सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। भोला के अनुसार दोनों के बीच कोई विवाद नहीं था।
पुलिस जांच में जुटी
एक्वाडक्ट पुल का क्षेत्र खंडवा जिले के मांधाता थाना अंतर्गत आता है। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए ओंकारेश्वर शासकीय अस्पताल भेजा है और मर्ग कायम कर परिजनों व मायके पक्ष से पूछताछ शुरू कर दी है कि आखिर महिला ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


