इमरान खान, खंडवा/ओंकारेश्वर। तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर से सटे खंडवा जिले के मांधाता थाना क्षेत्र में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम इनपुन पुनर्वास (सेक्टर-01) स्थित एक मकान पर रेड मारकर पुलिस ने मौके से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह नेटवर्क व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों को तस्वीरें भेजकर ऑर्डर पर इंदौर, बुरहानपुर समेत अन्य जिलों से लड़कियां बुलाता था।
व्हाट्सएप पर फोटो भेजकर होता था सौदा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरोह के गुर्गे ग्राहकों से संपर्क साधने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप (WhatsApp) का इस्तेमाल करते थे। ग्राहकों को युवतियों की तस्वीरें भेजी जाती थीं और सौदा तय होने के बाद इंदौर, बुरहानपुर और आसपास के जिलों से लड़कियों को ठिकाने पर बुलाया जाता था।
आपत्तिजनक हालत में मिले महिला-पुरुष
मांधाता थाना पुलिस और मोरटक्का पुलिस चौकी की संयुक्त टीम ने जब इनपुन पुनर्वास के सेक्टर-01 में स्थित संदिग्ध मकान पर दबिश दी, तो वहां हड़कंप मच गया। तलाशी के दौरान कमरे में एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि बाहर दो अन्य व्यक्ति ग्राहक के रूप में इंतजार कर रहे थे। मौके से कई आपत्तिजनक सामग्रियां भी बरामद की गई हैं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस कप्तान बोले-‘अनैतिक व्यापार अधिनियम’ में दर्ज हुआ केस
मामले का खुलासा करते हुए खंडवा पुलिस अधीक्षक (SP) अगम जैन ने बताया कि इनपुन पुनर्वास में अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई की गई। मौके से कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है और गिरोह से जुड़े अन्य संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



