कुंदन कुमार, पटना। कांग्रेस द्वारा गांधी मैदान स्थित बापू सभागार में आयोजित श्री कृष्ण सिंह के जयंती समारोह के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी को लेकर विवादित बयान दिया है। दरअसल खरगे मंच से कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद एक शख्स अपनी जगह से चिल्लाने लगा कि ‘मोदी नहीं जाएगा’। यह सुनते ही खरगे भड़क उठे और गुस्से में तमतमाते हुए कहा कि, ‘मोदी का बाप भी जाएगा’।

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि, मोदी की झूठ बोलने की आदत है। मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ताओं ‘मोदी नहीं जाएगा’ का नारा लगाने वाले शख्स की पिटाई की और उसे कार्यक्रम हॉल से बाहर निकाल दिया। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान मल्लिकार्जुन खरगे ने चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) द्वारा लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को दिल्ली में 1 नवंबर को होने वाली INDIA गठबंधन की रैली को लेकर लिखे पत्र पर कहा कि, 1 तारीख को रैली होनी है। अभी व्यापारियों से हमें अपील आई है। आज या कल हम सोचकर इसका हल निकालेंगे क्योंकि हम जो कर रहे हैं वह भी जनता के लिए और उनके लिए कर रहे हैं। ये वोट चोरी का मामला बहुत बड़ा है। अगर उनका वोट का अधिकार ही नहीं है तो कोई व्यापारी व्यापार नहीं कर सकता। आज कोई विद्यार्थी अपना भविष्य बनाना चाहता है तो उसे भी कोई समर्थन नहीं मिलेगा। फिर भी हमें जो निवेदन मिला है, उसके बारे में हम सोचेंगे।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर खरगे ने कहा कि, अगले 30 साल तक कौन बचेगा या रहेगा ये किसने देखा है? वे ऐसा लोगों को भ्रमित करने के लिए कहते हैं। उनके पास EVM है, जब तक अपने चेलों को उन्होंने वहां पर बैठाया है, उसी आधार पर वे ऐसा बयान देते हैं। उन्हीं के लोगों ने कहा है कि CEC में घपला है।

ये भी पढ़ें- ‘यह सब कांग्रेस के पाप का परिणाम’, फारूक अब्दुल्ला के विवादित बयान पर गिरिराज सिंह का पलटवार