हर्षराज गुप्ता, खरगोन। Khargone Violence: महेश्वर तहसील के करही थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां चंद रुपयों के लेनदेन के विवाद ने एक मासूम की जान ले ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया और आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर और दुकान को आग के हवाले कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, रामदड़ निवासी 16 वर्षीय सोहन (पिता उदल सिंह बंजारा) पाडल्या रोड स्थित एक निजी गैरेज पर काम करता था। यहां उसका शानू खान निवासी करही के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। बहस इतनी बढ़ी कि शानू खान ने सोहन के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।आरोपी ने सोहन को इस कदर पीटा कि वह मरणासन्न स्थिति में पहुंच गया। गंभीर हालत में सोहन को पहले करही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से उसे रेफर किया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही सोहन ने दम तोड़ दिया।
घर और दुकान स्वाहा
जैसे ही सोहन की मौत की खबर फैली, हिंदू समाज के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ सड़कों पर उतर आई और आरोपी के घर व दुकान में आग लगा दी। देखते ही देखते लपटें आसमान छूने लगीं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
भारी पुलिस बल तैनात, आरोपी गिरफ्त में
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए खरगोन एसपी रवींद्र वर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कई थानों की पुलिस को तैनात कर स्थिति को संभाला गया।
पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने बताया, “मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में शांति है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।”

