हर्षराज गुप्ता, खरगोन। खरगोन जिले के बड़वाह नगर में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। जयंती माता रोड स्थित CISF की सुरक्षा बाउंड्री वॉल में लगा नुकीला सरिया एक किशोर के गले को चीरते हुए मुंह से बाहर निकल गया। गंभीर रूप से घायल लड़के को प्राथमिक इलाज के बाद इंदौर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, वार्ड क्रमांक 2 निवासी किशोर टैटू (16) पिता बलराम अन्य बच्चों के साथ सड़क पर खेल रहा था। इसी दौरान खेलते समय एक बच्चे की चप्पल सड़क किनारे बनी CISF की ऊंची सुरक्षा दीवार के उस पार जा गिरी। बच्चों की जिद पर टैटू चप्पल लेने के लिए दीवार के दूसरी ओर उतरा और चप्पल वापस फेंक दी।

ये भी पढ़ें: पुलिया से नीचे गिरे बाइक सवार: कोचिंग से घर लौट रहे थे छात्र और छात्रा, VIDEO आया सामने

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वापस लौटते समय वह दीवार पर चढ़ रहा था, तभी पैर फिसलने से उसका संतुलन बिगड़ गया और दीवार में लगा नुकीला सरिया उसके गले और जबड़े को चीरता हुआ मुंह से बाहर निकल आया। घटना देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

ये भी पढ़ें: 35 फीट गहरे कुएं में गिरी कार: तड़के सुबह ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा, ऐसे बची जान…

स्थानीय रहवासियों महेश बृजवासी और नन्नी बाई ने बताया कि हादसे के बाद लोगों ने करीब एक घंटे तक मशक्कत कर कटर मशीन की मदद से सरिए को काटा। इसके बाद मौके पर पहुंची 112 डायल पुलिस की सहायता से घायल बालक को बड़वाह सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए इंदौर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद लोग सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m