राकेश चतुर्वेदी, खरगोन/भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक के साथ ही अब आसमानी आफत का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 7 जिलों में भारी से अति भारी बारिश की गंभीर चेतावनी जारी की है। इस कड़े अलर्ट और नदी-नालों के उफान पर होने के बावजूद जमीन पर लापरवाही की एक ऐसी चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है, जिसने हर किसी के होश उड़ा दिए हैं। खरगोन जिले के भगवानपुर क्षेत्र में एक निजी बस के चालक ने उफनती नदी के बीच यात्रियों से भरी बस को पुल पार कराने के लिए झोंक दिया।

भगवानपुर में मौत को चुनौती: उफनते पानी के बीच बेखौफ गुजरी बस

वीडियो खरगोन के भगवानपुर क्षेत्र का है, जहां एक छोटी नदी का पुल पानी के तेज बहाव के कारण पूरी तरह डूब चुका था। पानी का वेग इतना था कि कोई भी बड़ा वाहन बह सकता था, लेकिन इसके बावजूद निजी यात्री बस के चालक ने अपनी और यात्रियों की जान की परवाह नहीं की। चालक ने सवारियों से खचाखच भरी बस को उस तेज बहाव वाले पुल पर उतार दिया और बेखौफ होकर नदी पार करा दी। बस में बैठे यात्री इस दौरान सहमे रहे और अपनी जान हलक में लिए बैठे रहे।

मौसम विभाग का अलर्ट: 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, फिर भी इतनी लापरवाही!

यह हैरान करने वाली घटना तब सामने आई है जब खुद मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में अलर्ट मोड ऑन कर दिया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए वेदर सिस्टम के चलते मध्य प्रदेश के 7 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर सहित 44 जिलों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश की संभावना है। ऐसे मौसम में जब नदी-नाले कभी भी अचानक उफान पर आ सकते हैं, इस तरह की लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।

प्रशासन और पुलिस की निष्क्रियता पर उठे गंभीर सवाल

इस रोंगटे खड़े कर देने वाले वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की मुस्तैदी और दावों की पोल खुल गई है। मानसून के दौरान संवेदनशील और डूबने वाले पुल-पुलियों पर सुरक्षा इंतजाम न होने और पुलिस बल की तैनाती न होने को लेकर जनता में भारी आक्रोश है। अब देखना होगा कि इस गंभीर वीडियो के सामने आने के बाद जिला प्रशासन और परिवहन विभाग इस लापरवाह बस चालक और बस मालिक के खिलाफ क्या सख्त कार्रवाई करता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m