हर्षराज गुप्ता, खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के भीकनगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जेतगढ़ में देर रात गणेशोत्सव के दौरान बड़ा बवाल हो गया। गणेश पंडाल में गरबा नृत्य करने को लेकर दो आदिवासी गुट आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि एक गुट ने पंडाल में पहुंचकर दूसरे गुट पर अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया और जमकर पथराव किया।

मारपीट और पथराव का वीडियो वायरल

मारपीट और पथराव की यह पूरी घटना वहां मौजूद लोगों के कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में लोग एक-दूसरे पर लाठियां भांजते और पत्थर फेंकते नजर आ रहे हैं।

2 लोग गंभीर रूप से घायल, 3 आरोपी गिरफ्तार

इस खूनी संघर्ष में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्राथमिक उपचार कराने के बाद दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में केस दर्ज कर लिया है और उपद्रव मचाने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m