हर्षराज गुप्ता, खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरुवार सुबह कुंदा नदी के पुराने पुल के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला। सुबह-सुबह नदी में शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया शव 

पानी में शव दिखाई देने पर राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसडीओपी (SDOP) समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। रंगपुरा निवासी आशाराम और अन्य स्थानीय युवाओं की मदद से पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी के पानी से बाहर निकलवाया।

पहचान कराने की कोशिशें नाकाम

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से मृतक की शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को एम्बुलेंस की मदद से खरगोन जिला अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस 

पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र और मौत के कारणों का सही पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और शिनाख्त होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों की जांच कर रही है और मृतक की पहचान में जुट गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m