हर्षराज गुप्ता, खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। कसरावद थाना क्षेत्र में बीती देर रात हुए दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में 3 युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसों के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गए। एक ही रात में हुई इन दो घटनाओं के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
पहला हादसा: छोटी कसरावद में बाइक सवार दो युवकों की मौत
पहला हादसा छोटी कसरावद के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार अभिषेक और गौतम दोनों की मौके पर ही तड़प-तड़पकर दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
दूसरा हादसा: 15 वर्षीय बालक ने अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
दूसरी घटना सादडबन देवजीरी इलाके की है। यहां भी एक अज्ञात वाहन ने 15 वर्षीय किशोर देवकरण को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में देवकरण गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत निजी वाहन से अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच और अज्ञात वाहनों की तलाश जारी
एक ही रात में दो सड़क हादसों में तीन जिंदगियां चले जाने से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। कसरावद थाना पुलिस ने दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के रास्तों के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसों को अंजाम देकर भागने वाले अज्ञात वाहनों और उनके चालकों का सुराग लगाया जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



