हर्षराज गुप्ता, खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले से फूड पॉइजनिंग का एक बड़ा मामला सामने आया है। टांडाबरुड़ कस्बे में एक होटल की रबड़ी खाने से लगभग 20 से 25 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। एक साथ इतने लोगों के बीमार होने की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

होटल से रबड़ी खाते ही होने लगी उल्टियां 

मिली जानकारी के अनुसार, टांडाबरुड़ बस स्टैंड पर स्थित पवन कैलाश श्रीवास की होटल से लोगों ने रबड़ी खरीदी थी। रबड़ी खाने के कुछ ही देर बाद लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते बीमारों की संख्या 25 तक पहुँच गई, जिसके बाद परिजनों के बीच हड़कंप मच गया।

अस्पतालों में इलाज जारी 

तबीयत बिगड़ने के बाद आनन-फानन में लगभग 15 मरीजों को परिजन खरगोन के जिला अस्पताल और अन्य निजी अस्पतालों में लेकर पहुँचे। वहीं, कई अन्य मरीजों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) टांडाबरुड़ में ही चल रहा है।

स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की कार्रवाई 

घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत अलर्ट मोड पर आई और मौके पर पहुंचकर मरीजों का प्राथमिक इलाज शुरू किया। इधर, बरुड़ पुलिस ने भी संबंधित होटल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और खाद्य सामग्री के सैंपल लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन पूरे मामले की गहनता से जांच कर रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m