खरखौदा, 10 अगस्त। विधायक पवन खरखौदा की अध्यक्षता में उपमंडल कार्यालय खरखौदा में हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर तिरंगा प्रदर्शनी लगाई गई।

विधायक पवन खरखौदा ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे 17 अगस्त तक अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर तिरंगा शान से फहराकर अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और वीर शहीदों के बलिदान का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से राष्ट्रप्रेम की भावना और मजबूत होगी।

विधायक पवन खरखौदा ने युवाओं एवं विद्यार्थियों से विशेष रूप से अभियान में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि युवा वर्ग देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।

एसडीएम खरखौदा अमित भारद्वाज ने कहा कि हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर तिरंगा फहराकर अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न देशभक्ति गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विधायक पवन खरखौदा ने बताया कि 13 एवं 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान कैंडल मार्च, श्रद्धांजलि सभाएं, अनुभव साझा कार्यक्रम, संवाद सत्र एवं जागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में व्याख्यान, विचार गोष्ठियां, प्रदर्शनी, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। 17 अगस्त तक चलने वाले अभियान में देशभक्ति संगीत कार्यक्रम, तिरंगा कॉन्सर्ट, तिरंगा बाइक रैली, साइकिल एवं ई-बाइक रैली, तिरंगा यात्राएं तथा तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त जोगिंदर शर्मा, तहसीलदार बिजेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार अचिन काल्टा, एमिनेंट पर्सन सुनील पांचाल, सहायक अधीक्षक राजेश सहित सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।