उत्तराखंड के खटीमा में एक युवक ने माता-पिता से पैसे नहीं मिलने पर डायल 112 पर उनकी हत्या करने की झूठी सूचना दे दी. जांच में माता-पिता सुरक्षित मिले, जिसके बाद पुलिस ने युवक को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत निरुद्ध किया.

खटीमा. उस समय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने डायल 112 पर फोन कर अपने माता-पिता की हत्या करने की सूचना दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि युवक के माता-पिता सुरक्षित हैं और उसने पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद परेशान करने के लिए झूठी सूचना दी थी.

पैसे को लेकर हुआ विवाद

खेतलसंडा खाम निवासी अभिषेक राठौर ने मंगलवार देर शाम पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल किया था. उसने दावा किया कि वह अपने माता-पिता की हत्या कर चुका है. सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी तत्काल मौके के लिए रवाना हो गए.

वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्य, उपनिरीक्षक राकेश राय और अन्य पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की. वहां युवक के माता-पिता सुरक्षित मिले.

पूछताछ में सामने आई वजह

पुलिस की पूछताछ में अभिषेक ने बताया कि वह अपने माता-पिता से पैसे मांग रहा था. उनके पैसे देने से इनकार करने पर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए हत्या की झूठी सूचना दे दी.

बीएनएसएस के तहत कार्रवाई

वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्य के मुताबिक, आपातकालीन सेवा डायल 112 पर झूठी और भ्रामक जानकारी देकर पुलिस को गुमराह करने के आरोप में अभिषेक राठौर को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत निरुद्ध किया गया है.