Bihar news: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। अपनी गायकी और अभिनय के दम पर उन्होंने न केवल भोजपुरी इंडस्ट्री, बल्कि टेलीविजन और बॉलीवुड तक अपनी एक खास पहचान बनाई है। हाल ही में रियलिटी शो ‘बैटलग्राउंड 2’ में जज की भूमिका निभाकर उन्होंने दर्शकों का खूब दिल जीता। शो की सफलता के बाद एक पॉडकास्ट के दौरान उन्होंने अपने करियर और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ अपने गहरे संबंधों पर खुलकर बात की।
अखिलेश यादव नहीं, मेरे बड़े भाई हैं
खेसारी लाल यादव ने अखिलेश यादव के साथ अपने रिश्ते को राजनीतिक नहीं बल्कि पारिवारिक बताया। ज़िंगाबाद पॉडकास्ट में चर्चा करते हुए उन्होंने कहा मैंने जीवन में बहुत नेता देखे हैं लेकिन अखिलेश भैया के साथ मेरे व्यक्तिगत संबंध हैं। मैं उन्हें एक नेता के तौर पर नहीं बल्कि एक बड़े भाई के रूप में बहुत प्यार करता हूं। खेसारी ने आगे कहा कि जब भी वे अखिलेश से मिलते हैं उन्हें यह महसूस ही नहीं होता कि वे किसी राजनेता से बात कर रहे हैं। उनके अनुसार अखिलेश यादव में इंसानियत कूट-कूट कर भरी है और वे एक बेहद सहज और सरल इंसान हैं।
राजनीति में एंट्री पर क्या बोले खेसारी?
अक्सर यह कयास लगाए जाते रहे हैं कि क्या खेसारी लाल यादव जल्द ही सक्रिय राजनीति में कदम रखेंगे? इस पर सफाई देते हुए खेसारी ने बताया कि अखिलेश यादव ने उन्हें कभी राजनीति में आने की सलाह नहीं दी। उन्होंने कहा, अखिलेश भैया हमेशा मुझे यही गाइड करते हैं कि बाबू, तुम एक बेहतरीन कलाकार हो और इसी फील्ड में अच्छे लगते हो। उन्होंने मुझसे साफ कहा कि यह (राजनीति की) दुनिया तुम्हारे लिए नहीं है, तुम बहुत सच्चे इंसान हो, अपना काम करो।
एक लंबा और मजबूत सफर
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और खेसारी लाल यादव के बीच की यह बॉन्डिंग नई नहीं है। खेसारी अक्सर अखिलेश के जन्मदिन के मौके पर लखनऊ जाकर उन्हें व्यक्तिगत रूप से बधाई देते हैं। दोनों के बीच का आपसी सम्मान इस बात से भी जाहिर होता है कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान अखिलेश यादव ने छपरा सीट से चुनाव लड़ रहे खेसारी लाल यादव का खुलकर समर्थन किया था।
साफ है कि फिलहाल खेसारी लाल यादव का पूरा ध्यान अपने कलात्मक करियर पर है और राजनीति उनके लिए एक सेवा का क्षेत्र कम और बड़े भाई का स्नेह प्राप्त करने का जरिया अधिक है। उनके प्रशंसक भी उन्हें पर्दे पर ही देखना पसंद करते हैं, जहां वे अपनी मेहनत और प्रतिभा से भोजपुरी सिनेमा का गौरव बढ़ा रहे हैं।

