रांची। झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रक मौत बनकर दौड़ा और सड़क पर मौजूद लोगों को रौंद दिया। इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 11 माह का मासूम बच्चा और 19 वर्षीय युवती भी शामिल है। हादसे में कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

अनियंत्रित ट्रक ने सात लोगों को रौंदा

जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार रात करीब 9:30 बजे कर्रा थाना क्षेत्र के जोने-लुदरू मोड़ के पास हुआ। तोरपा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रक (जेएच 02 एजे 1377) अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रक ने सड़क पर मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद पुलिया को तोड़ते हुए गड्ढे में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।

मृतकों में 11 माह का मासूम और 65 वर्षीय बुजुर्ग भी

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान जयंती देवी, मानहु देवी, गोलू, तूती कुमारी, अंजलि कुमारी (19), पाको देवी (65) और 11 माह के सौरभ नायक के रूप में हुई है। मासूम सौरभ के पिता का नाम अजीत नायक बताया गया है। अंजलि कुमारी के पति का नाम भी अजीत नायक बताया गया है।

हादसे की आवाज सुनकर सड़क पर निकले थे लोग

बताया जा रहा है कि जोने-लुदरू मोड़ के पास स्थित कॉलोनी के लोग किसी दूसरी दुर्घटना की आवाज सुनकर घटनास्थल देखने के लिए सड़क पर निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर वहां मौजूद लोगों को कुचलता चला गया। किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला और देखते ही देखते सात लोगों की जान चली गई।

पुलिस और स्वास्थ्यकर्मियों ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीएचसी कर्रा के स्वास्थ्यकर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दो घायल बच्चों को तत्काल सीएचसी कर्रा पहुंचाया गया, जबकि अन्य घायलों को पुलिस वाहन से सदर अस्पताल खूंटी भेजा गया। दोनों बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भी बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल खूंटी रेफर कर दिया गया।

हादसे की जानकारी मिलने पर तोरपा थाना प्रभारी मनीष कुमार भी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।