Automobile Desk : भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में लंबे समय से इंतजार कर रहे SUV प्रेमियों के लिए किआ इंडिया (Kia India) ने अपनी प्रीमियम एसयूवी ‘सोरेंटो’ (Sorento) को आखिरकार आधिकारिक तौर पर पेश कर दिया है। कंपनी ने इस नई कार की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹27.99 लाख तय की है, जबकि इसके टॉप-एंड मॉडल को खरीदने के लिए ग्राहकों को ₹40.39 लाख तक खर्च करने होंगे। किआ का यह नया मॉडल मुख्य रूप से उन ग्राहकों को आकर्षित करेगा जो प्रीमियम केबिन, एडवांस टेक्नोलॉजी और दमदार पावरट्रेन की तलाश में हैं।

भारतीय बाजार में उतारी गई नई किआ सोरेंटो (Kia Sorento) को कंपनी ने दो मुख्य इंजन विकल्पों – डीजल और हाइब्रिड में पेश किया है। डीजल विकल्प के तौर पर इसमें 2.2-लीटर स्मार्टस्ट्रीम D2.2 इंजन दिया गया है, जो 8-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन (DCT) से लैस है। वहीं, पर्यावरण के अनुकूल ड्राइविंग और बेहतर माइलेज चाहने वालों के लिए 1.6-लीटर स्मार्टस्ट्रीम G1.6 T-GDI पेट्रोल-हाइब्रिड इंजन उपलब्ध कराया गया है, जिसे 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है।
सीटिंग कैपेसिटी की बात करें तो कंपनी ने इस एसयूवी को 6-सीटर और 7-सीटर दोनों लेआउट में उतारा है। 7-सीटर वेरिएंट में बेस मॉडल HTE से शुरुआत होती है, जो बड़े परिवारों और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए बेहद मुफीद है। वहीं, 6-सीटर वर्जन HTK ट्रिम से उपलब्ध होता है, जिसमें दूसरी पंक्ति (सेकंड रो) में प्रीमियम कैप्टन सीट्स दी गई हैं। यह लेआउट उन लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है जो गाड़ी के सफर में ज्यादा आराम और एक्सक्लूसिव अहसास चाहते हैं।
कीमतों के गणित को समझें तो डीजल रेंज का 7-सीटर HTE वेरिएंट ₹27.99 लाख में उपलब्ध है, जबकि इसका 6-सीटर मॉडल (HTK) ₹32.69 लाख से शुरू होता है। हाइब्रिड पावरट्रेन की ओर रुख करने पर कीमतें थोड़ी ज्यादा हैं; जहाँ 7-सीटर हाइब्रिड HTE की कीमत ₹29.49 लाख है, वहीं 6-सीटर हाइब्रिड HTK की शुरुआती कीमत ₹34.19 लाख तय की गई है।
खराब रास्तों और मुश्किल परिस्थितियों में बेहतर ग्रिप और कंट्रोल के लिए किआ सोरेंटो के अपर (हाई) वेरिएंट्स में ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) की सुविधा दी गई है। डीजल में AWD की रेंज HTX वेरिएंट से शुरू होती है, जिसकी कीमत ₹37.49 लाख है, और यह HTX(A) ब्लैक लाइन वेरिएंट तक जाती है जिसकी कीमत ₹38.89 लाख है। हाइब्रिड कैटेगरी में AWD विकल्प 7-सीटर HTX के लिए ₹38.99 लाख से शुरू होकर सबसे महंगे 6-सीटर HTX(A) ब्लैक लाइन AWD मॉडल तक पहुँचता है, जिसकी कीमत ₹40.39 लाख है।
डिजाइन और सेफ्टी फीचर्स के लिहाज से सोरेंटो में काफी कुछ नया देखने को मिलता है। जिन वेरिएंट्स के नाम में ‘(O)’ लिखा है, वे कन्वीनियंस पैक के साथ आते हैं। वहीं ‘(A)’ बैजिंग वाले ट्रिम्स में एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) की सुरक्षा मिलती है। इसके अलावा, कंपनी ने ‘ब्लैक लाइन’ स्टाइलिंग पैक भी दिया है, जो गाड़ी को एक अलग और स्पॉर्टी लुक प्रदान करता है।



