किच्छा नगर पालिका चुनाव में भाजपा के संदीप अरोड़ा और कांग्रेस के राजेश सिंह ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया. कांग्रेस और भाजपा दोनों ने जीत का दावा किया है, जबकि एक निर्दलीय प्रत्याशी के उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है.
रुद्रपुर. उधम सिंह नगर जिले के किच्छा में नगर पालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. किच्छा और सिरौली कला को अलग-अलग नगर निकाय बनाए जाने के बाद अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के संदीप अरोड़ा और कांग्रेस के राजेश सिंह ने शुक्रवार को नामांकन दाखिल किया, जबकि एक निर्दलीय प्रत्याशी ने भी नामांकन कराया है.
कोर्ट के आदेश के बाद किच्छा नगर पालिका और सिरौली कला नगर पालिका को अलग-अलग किए जाने से चुनाव का रास्ता साफ हुआ है. लंबे समय से चुनाव का इंतजार कर रहे क्षेत्र में अब राजनीतिक दलों ने प्रचार और संगठन स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है.
भाजपा प्रत्याशी का दावा
भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी संदीप अरोड़ा ने समर्थकों और पार्टी नेताओं की मौजूदगी में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया. उन्होंने कहा कि नगर पालिका की जिम्मेदारी मिलने पर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी.

संदीप अरोड़ा ने पेयजल, जल निकासी समेत नगर की अन्य मूलभूत समस्याओं के समाधान का भरोसा भी जताया. भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने उनकी जीत का दावा करते हुए कहा कि किच्छा की जनता भाजपा के साथ है.
राजेश शुक्ला ने कहा कि पार्टी प्रत्याशी करीब सात से दस हजार मतों के अंतर से जीत दर्ज करेगा. प्रदेश प्रवक्ता बनने के बाद यह चुनाव उनके लिए भी राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है.
कांग्रेस ने भी भरा पर्चा
कांग्रेस प्रत्याशी राजेश सिंह ने भी समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए नामांकन दाखिल किया. इस दौरान किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़, खटीमा विधायक भुवन कापड़ी, जसपुर विधायक आदेश चौहान, नानकमत्ता के पूर्व विधायक और रुद्रपुर के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल समेत कई नेता मौजूद रहे.
राजेश सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष की सीट जीतकर इसे विधायक तिलकराज बेहड़ की झोली में डालना है. उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस किच्छा विधानसभा सीट पर भाजपा को हराने के लिए पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी.
भाजपा पर कांग्रेस का निशाना
कांग्रेस प्रत्याशी राजेश सिंह ने भाजपा पर धर्म और विभाजन की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी धर्मों और वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास करती है.
किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से चुनाव के दौरान पूरी तरह सतर्क रहने की अपील की. उन्होंने आशंका जताई कि भाजपा चुनाव में साम, दाम, दंड और भेद अपना सकती है और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया.
तिलकराज बेहड़ ने कांग्रेस प्रत्याशी की जीत का दावा करते हुए भाजपा प्रत्याशी को दस हजार मतों से हराने की बात कही.
मुकाबला हुआ रोचक
नामांकन के बाद किच्छा नगर पालिका चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य राजनीतिक मुकाबला नजर आ रहा है. वहीं निर्दलीय प्रत्याशी के मैदान में आने से चुनावी समीकरण और रोचक हो गया है.
दोनों प्रमुख दलों ने अपनी ताकत दिखाते हुए चुनावी मैदान में शुरुआत कर दी है. अब आने वाले दिनों में प्रचार के दौरान राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने की संभावना है.



