मेरठ। जिले के बहसूमा क्षेत्र के मखदुमपुर सीखेड़ा गांव में जमीन विवाद को लेकर सगे भाई की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने 5 फीट गहरे गड्ढे की खुदाई कर छोटे भाई का शव बरामद किया, जिसे 23 दिन पहले गोली मारकर हत्या के बाद जमीन में दबा दिया गया था।
कई दिनों से था लापता
बताया जा रहा है कि मखदुमपुर सीखेड़ा गांव निवासी अंकुर (32 वर्षीय) एक महीने से लापता था। उसके परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। छानबीन के दौरान पुलिस को उसके बड़े भाई पर शक हुआ। जिसके बाद पुलिस ने उसके कस्टडी में लिया और पूछताछ शुरू की।
READ MORE: मौत निगल गई जिंदगीः गड्ढे में नहाने गए 2 दोस्त, कुछ देर बाद दोनों की उतराती मिली लाश
जमीन के लिए भाई की हत्या
पूछताछ के दौरान बड़े भाई ने पहले तो कुछ भी कहने से इनकार कर दिया और पुलिस को इधर-उधर की बात बताई। पुलिस ने जब सख्ती बरती तो आरोपी ने जमीन हड़पने के इरादे से हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

