उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रदेश में किसान अधिकार यात्रा निकालने की तैयारी कर रही है, जिसमें किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया जाएगा. तैयारी बैठक में सर्किल रेट, भूमि अधिग्रहण, MSP, मुआवजा और कृषि नीति से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई.
लखनऊ. उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रदेशभर में किसान अधिकार यात्रा निकालने की तैयारी कर रही है. इसे लेकर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित तैयारी बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने किसानों से जुड़े मुद्दों को यात्रा के दौरान प्रमुखता से उठाने पर चर्चा की.
बैठक में अजय राय ने कहा कि यात्रा में सर्किल रेट और भूमि अधिग्रहण से जुड़े सवालों को प्रमुख स्थान दिया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि जनता के बीच यह सवाल रखा जाना चाहिए कि किसानों से जमीन किस सर्किल रेट पर ली जा रही है और वही जमीन बिल्डरों को किस दर पर उपलब्ध कराई जा रही है.
अजय राय ने बिल्डरों द्वारा उस जमीन पर बनाए गए फ्लैटों की बिक्री कीमत का सवाल भी जनता के सामने उठाने की बात कही. उन्होंने भूमि अधिग्रहण कानून और किसानों को उनकी जमीन का उचित मुआवजा दिए जाने को भी यात्रा के प्रमुख मुद्दों में शामिल करने पर जोर दिया.
किसानों के मुद्दे
अजय राय ने कहा कि किसान अधिकार यात्रा के माध्यम से किसानों की जमीन, फसल का उचित मूल्य, न्यूनतम समर्थन मूल्य, मुआवजा और कृषि नीति से जुड़े सवाल व्यापक स्तर पर उठाए जाने चाहिए. उन्होंने भाजपा और डबल इंजन सरकार पर किसानों के उत्पीड़न का आरोप भी लगाया.
अखिलेश शुक्ला ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य किसानों की आवाज को मजबूती से सामने रखना है. उनके मुताबिक, यात्रा के दौरान MSP, किसानों की उपज के उचित मूल्य, कृषि क्षेत्र से जुड़े व्यापार समझौतों और किसानों को प्रभावित करने वाले सरकारी फैसलों को जनता के बीच रखा जाएगा.
उन्होंने गांव-गांव संवाद के जरिए किसानों की समस्याओं और उनकी मांगों को सामने लाने की जरूरत बताई. तैयारी बैठक में किसान कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी भी मौजूद रहे.
पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में किसान कांग्रेस के जोन प्रभारी दिलीप मिश्रा, मध्य जोन एआईसीसी प्रभारी आनंद पाल सिंह, मध्य जोन चेयरमैन बृज मौर्या, पूर्वी जोन चेयरमैन राम अधार जोसेफ और किसान अधिकार यात्रा पूर्वी जोन चेयरमैन शशि उपाध्याय शामिल हुए.
इसके अलावा राष्ट्रीय कॉर्डिनेटर आरसी पांडेय, पूर्वी जोन उपाध्यक्ष कन्हैया यादव भारतीय, मध्य जोन उपाध्यक्ष सर्वेश श्रीवास्तव भारतीय, महासचिव कमलेश तिवारी, सचिव अतुल वर्मा, अमित प्रताप सिंह, प्रदीप मिश्रा, महेंद्र यादव, अरुण त्रिपाठी और एबी खान समेत विभिन्न जिलों से आए किसान कांग्रेस के पदाधिकारी उपस्थित रहे.


