किशनगंज। जिले से एक रूहकंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने ही परिवार की 8 वर्षीय मासूम भतीजी की बेरहमी से हत्या कर दी। कोढ़ोबारी थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव में हुई इस घटना का खुलासा पुलिस ने मात्र 48 घंटों के भीतर कर दिया है। हत्यारिन चाची हैरून निशा ने अपना जुर्म कबूल करते हुए जो कहानी सुनाई, उसने सबको स्तब्ध कर दिया है।
मामूली झगड़ा और खौफनाक अंजाम
घटना की शुरुआत बच्चों के बीच हुए एक साधारण विवाद से हुई। आरोपी महिला हैरून निशा के अनुसार, उसकी भतीजी शहरानी उर्फ साली प्रवीण उसके घर के आंगन में खेल रही थी। खेल-खेल में मासूम का महिला के बेटे से झगड़ा हो गया। गुस्से में अंधी हुई चाची ने अपनी सुध-बुध खो दी और बच्ची को जोर का थप्पड़ जड़ दिया। धक्का लगने से बच्ची जमीन पर गिरी और बेहोश हो गई।
दो दिनों तक अलमारी में कैद रही लाश
जब महिला ने देखा कि बच्ची बेसुध है, तो वह पकड़े जाने के डर से घबरा गई। उसने मासूम को कमरे के भीतर छिपा दिया और बाद में गला दबाकर उसकी जान ले ली। अपनी क्रूरता की हद पार करते हुए उसने शव को दो दिनों तक घर की एक अलमारी में बंद रखा। इस दौरान वह बाहर सामान्य बनी रही और परिजनों के साथ मिलकर बच्ची को खोजने का नाटक भी करती रही ताकि किसी को शक न हो।
मकई के खेत में फेंका शव, फिर शुरू किया गुमराह करने का खेल
जब दो दिन बीत गए, तो मौका पाकर आरोपी महिला ने शव को घर के पास स्थित एक मकई के खेत में फेंक दिया। 2 मई को जब बच्ची का शव बरामद हुआ, तो गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन आरोपी लगातार अपने बयान बदलकर पुलिस को भटकाने की कोशिश करती रही।
SIT की मुस्तैदी से खुला राज
किशनगंज के SDPO-2 मंगलेश कुमार के नेतृत्व में गठित SIT ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय इनपुट के आधार पर जांच तेज की। पुलिस को शुरू से ही चाची का व्यवहार संदिग्ध लग रहा था। जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो हैरून निशा टूट गई और उसने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटनास्थल से खून से सने कपड़े, टूटी चप्पल और मच्छरदानी का टुकड़ा बरामद किया है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है। एक मासूम की जान सिर्फ इसलिए चली गई क्योंकि वह अपने भाई से लड़ रही थी, यह घटना रिश्तों के बीच खत्म होती संवेदनाओं की गवाह है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

