किशनगंज। जिले के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में महज 6 साल की एक मासूम बच्ची के साथ उसके ही पड़ोसी नाबालिग ने दरिंदगी की हदें पार कर दीं। आरोपी ने बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर अपनी हवस का शिकार बनाया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से इलाके में भारी आक्रोश का माहौल है।
चॉकलेट का बहाना बना कर निर्माणाधीन मकान में ले गया आरोपी
घटना सोमवार दोपहर की है, जब पीड़िता अपनी सहेली के साथ अपने घर के सामने खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक नाबालिग लड़का वहां पहुंचा और सुनियोजित तरीके से बच्ची को चॉकलेट देने के बहाने बहला-फुसलाकर साथ ले गया। पुलिस और परिजनों के अनुसार, आरोपी बच्ची को खेतों के समीप एक सुनसान निर्माणाधीन मकान में ले गया, जहां उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।
रोते हुए घर लौटी मासूम, परिजनों ने दर्ज कराई FIR
घटना के तुरंत बाद डरी-सहमी पीड़ित बच्ची रोते हुए अपने घर पहुंची और अपनी मां को आपबीती सुनाई। बच्ची की हालत देख मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने तुरंत अपने पति को फोन करके इस भयानक घटना की जानकारी दी। इसके बाद गुस्से और गम में डूबे परिजन फौरन ठाकुरगंज थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
परिजनों के आवेदन पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांड संख्या 255/26 दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत ऐक्शन लिया और दबिश देकर आरोपी नाबालिग को उसके घर से ही हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने शुरू की आगे की कानूनी कार्रवाई
ठाकुरगंज थानाध्यक्ष अंजय कुमार अमन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सोमवार शाम को ही पुलिस को घटना की सूचना मिल गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शुरुआती जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया।
वहीं, बुधवार की सुबह पुलिस सुरक्षा के बीच पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और बाल कानून के प्रावधानों के तहत आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।

