किशनगंज। जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कलयुगी मां ने पैसे की हवस में अपनी 12 वर्षीय नाबालिग बेटी को 2 लाख रुपये में बेच दिया। आरोपी मां ने न केवल अपनी ममता का सौदा किया बल्कि अपनी बेटी को नर्क जैसी जिंदगी में धकेल दिया।
पैसे के लालच में मां बनी सौदागर
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी महिला ने 9 जनवरी को मोतिहारी के नरकटिया गांव निवासी अमित राय (25 वर्ष) से सौदा तय किया था। महिला ने अपनी ही नाबालिग बेटी को महज 2 लाख रुपये के लिए बेच दिया। मुख्य आरोपी अमित राय अपने दोस्तों के साथ मिलकर बच्ची को बहला-फुसलाकर मोतिहारी ले गया। वहां उसे एक किराए के मकान में 5 महीने तक बंधक बनाकर रखा गया।
दरिंदगी और खौफ का मंजर
पीड़िता ने अपने दर्दनाक अनुभव को साझा करते हुए बताया कि आरोपी अमित राय उसे जान से मारने की धमकी देकर लगातार दुष्कर्म करता था। विरोध करने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की जाती थी। आरोपी अक्सर नशे की हालत में रात के समय उसके साथ हैवानियत करता था। बच्ची के अनुसार आरोपियों ने उसे यह भी बताया था कि उसकी मां ने उसे 2 लाख रुपये में बेचा है।
फोन से खुली पोल और पिता ने बचाया
जून महीने में बच्ची को एक मौका मिला। जब आरोपी दुष्कर्म की कोशिश कर रहा था तब उसकी जेब से फोन गिर गया। उस समय बच्ची ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर अपने पिता को फोन किया। बाहर काम कर रहे पिता को जब पूरी सच्चाई पता चली, तो उनके होश उड़ गए। पिता ने तुरंत मोतिहारी पुलिस से संपर्क किया और पुलिस की मदद से अपनी बेटी को उस दरिंदे के चंगुल से मुक्त कराया।
पुलिस की कार्रवाई
घर लौटने के बाद पीड़िता ने अपने पिता के साथ महिला थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर मां मुख्य आरोपी अमित राय समेत कुल नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एएसआई सिमरन भारती ने पुष्टि की कि पूछताछ में मां ने पैसे के लालच में बेटी को बेचने का गुनाह कबूल कर लिया है। मेडिकल जांच के बाद मां को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी अमित राय और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

