किशनगंज। जिले से एक घटना सामने आई है, जहां सोमवार की शाम दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। इस सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक का चालक गंभीर रूप से घायल है।
गेहूं पिसवाने जा रहा था सोहेल, रास्ते में मिला काल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बहादुरगंज प्रखंड के अतवारी हैरानू टोला भौरादह निवासी 30 वर्षीय सोहेल आलम के रूप में हुई है। सोमवार की शाम सोहेल अपने घर से बाइक पर गेहूं लेकर पास के बंगामा मदरसा चौक पर पिसवाने के लिए निकला था। अभी वह नवाब जागीर बंगामा गांव के समीप पहुंचा ही था कि सामने से आ रही एक अनियंत्रित तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सोहेल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
उजड़ गया सुहाग: एक माह पहले ही हुआ था निकाह
इस घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। परिजनों ने रुआंसे गले से बताया कि सोहेल की शादी अभी महज एक महीने पहले ही हुई थी। घर में नई दुल्हन के हाथों की मेहंदी का रंग अभी फीका भी नहीं पड़ा था कि इस हादसे ने सुहाग उजाड़ दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।
पुलिस की कार्रवाई और परिजनों का फैसला
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना अध्यक्ष मोहम्मद दिलशाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है। हालांकि, मृतक के परिजनों ने कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमॉर्टम कराने से साफ इनकार कर दिया और लिखित सहमति के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ घर ले गए। वहीं, दूसरे घायल युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

