किशनगंज। जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहा चोरी की बाइक के साथ दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ताज्जुब की बात यह है कि ये युवक खुद परिवहन विभाग (DTO) कार्यालय पहुंचे थे, जहां हंगामे के कारण उनकी पोल खुल गई।
पुराने चालान पर बहस और दोबारा कार्रवाई
घटनाक्रम के अनुसार, अररिया जिले के जोकीहाट निवासी मो. नुरुल्लाह और आदित्य कुमार ठाकुर बिना हेलमेट के किशनगंज परिवहन कार्यालय पहुंचे थे। वे वहां अपने किसी पुराने चालान को लेकर अधिकारियों से उलझ गए और हंगामा करने लगे। युवकों के अड़ियल रवैये को देख अधिकारियों ने जब उनका दोबारा चालान काटने की प्रक्रिया शुरू की, तो मामला संदिग्ध नजर आया।
जांच में खुली पोल
प्रवर्तन अवर निरीक्षक श्यामनंदन प्रसाद ने जब सुरक्षा के लिहाज से बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर और चेचिस नंबर का मिलान किया, तो उसमें भारी विसंगति पाई गई। सिस्टम में डेटा मैच न होने पर यह स्पष्ट हो गया कि बाइक चोरी की है और उस पर फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज
अधिकारियों ने तुरंत इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया और बाइक जब्त कर ली। मोटर यान निरीक्षक रविंद्र कुमार राय के आवेदन पर सदर थाना में कांड संख्या 240/26 दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि किसी बड़े वाहन चोर गिरोह का सुराग लगाया जा सके।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

