विकास कुमार, सहरसा। जिले के पस्तपार थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय किशनपुर में चोरों ने बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने स्कूल के मुख्य कार्यालय का ताला तोड़कर वहां रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
मुख्य कार्यालय का ताला टूटा और लॉकर खंगाला गया
घटना की रात चोरों ने बड़ी चालाकी से विद्यालय कार्यालय के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने कार्यालय के भीतर रखे गोदरेज के बक्से और उसके लॉकर को निशाना बनाया। लॉकर को तोड़कर उसमें रखे दो महंगे लैपटॉप और एक टैब को चुरा लिया गया। चोरी गए उपकरणों में एचपी और डेल जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के लैपटॉप शामिल हैं। प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार के अनुसार, चोरी हुए इन सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
सुबह होते ही मचा हड़कंप, प्रधानाध्यापक ने दर्ज कराया मामला
गुरुवार की सुबह जब विद्यालय के शिक्षक और कर्मी स्कूल पहुंचे, तो कार्यालय का ताला टूटा हुआ और सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई। इसके तुरंत बाद विद्यालय प्रबंधन ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पस्तपार थाना पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मुआयना किया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार ने इस संबंध में पस्तपार थाना में एक लिखित आवेदन दिया है। आवेदन में अज्ञात चोरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और चोरी गए लैपटॉप व टैब की जल्द से जल्द बरामदगी की गुहार लगाई गई है।
पुलिस का एक्शन और मामले की जांच तेज
इस पूरी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पस्तपार थानाध्यक्ष विजय कुमार पासवान ने बताया कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक की ओर से चोरी का आवेदन प्राप्त हो चुका है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों के संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही इस आपराधिक घटना का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



