MI vs RR IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 का रोमांच अपने चरम पर पहुंच चुका है। आज राजस्थान रॉयल्स (RR) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेऑफ में धमाकेदार एंट्री कर ली है। रियान पराग की कप्तानी वाली RR ने वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए अहम मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) को 30 रन से हराकर प्लेऑफ का चौथा और अंतिम टिकट अपने नाम कर लिया। राजस्थान की इस जीत के साथ ही कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और पंजाब किंग्स (PBKS) का सफर भी आधिकारिक तौर पर समाप्त हो गया।
मैच में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 205 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 175 रन ही बना सकी और राजस्थान ने मुकाबला 30 रन से अपने नाम कर लिया।
पावरप्ले में बिखरी मुंबई की बल्लेबाजी
206 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले के अंदर ही 38 रन पर अपने 4 बड़े विकेट गंवा दिए। शुरुआती झटकों के बाद सूर्यकुमार यादव ने टीम की पारी संभालने की कोशिश की और शानदार 60 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने संघर्ष करते हुए मुंबई के स्कोर को 150 के पार पहुंचाया, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त समर्थन नहीं मिला।
सूर्यकुमार के अलावा कप्तान हार्दिक पांड्या ने 34 रन और विल जैक्स ने 33 रन का योगदान दिया। इनके अलावा मुंबई का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका, जिसके कारण टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई।
जोफ्रा आर्चर ने गेंद और बल्ले दोनों से मचाया धमाल
राजस्थान रॉयल्स की जीत के सबसे बड़े हीरो जोफ्रा आर्चर रहे। उन्होंने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 अहम विकेट झटके और मुंबई की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उनके अलावा यश पुंजा, बृजेश शर्मा और नांद्रे बर्गर ने 2-2 विकेट हासिल कर मुंबई को लगातार दबाव में बनाए रखा। इससे पहले बल्लेबाजी में भी आर्चर ने आक्रामक अंदाज दिखाते हुए 36 रन की तूफानी पारी खेली थी।
ध्रुव जुरेल ने संभाली राजस्थान की पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत मिश्रित रही, लेकिन मध्यक्रम में ध्रुव जुरेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। जुरेल ने 38 रन की अहम पारी खेली। वहीं जोफ्रा आर्चर ने तेजी से रन बटोरते हुए 36 रन बनाए।
इसके अलावा दासुन शनाका ने 29 रन, यशस्वी जायसवाल ने 24 रन और रविंद्र जडेजा ने 19 रन का योगदान दिया। डोनोवन फरेरा ने 18 रन, कप्तान रियान पराग ने 14 रन और नांद्रे बर्गर ने 10 रन जोड़े। हालांकि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस मैच में बड़ी पारी नहीं खेल सके और सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए।
मुंबई इंडियंस की ओर से शार्दुल ठाकुर और दीपक चाहर ने 2-2 विकेट लिए। वहीं विल जैक्स, कॉर्बिन बॉश और अल्लाह गजनफर को 1-1 सफलता मिली।
राजस्थान की जीत के साथ ही KKR और पंजाब का सफर समाप्त
राजस्थान रॉयल्स की इस जीत ने आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की तस्वीर पूरी तरह साफ कर दी। टीम ने 16 अंकों के साथ चौथे स्थान पर कब्जा जमाते हुए अंतिम प्लेऑफ टिकट हासिल कर लिया।
राजस्थान की जीत के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स की बची-कुची उम्मीदें भी खत्म हो गईं। अब KKR के लिए दिल्ली कैपिटल्स के बीच जारी आखिरी लीग मैच सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गया है, क्योंकि जीत के बावजूद टीम अधिकतम 15 अंकों तक ही पहुंच पाएगी।

इसके साथ ही आईपीएल 2026 के प्लेऑफ के लिए चारों टीमों के नाम तय हो चुके हैं। इस सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), गुजरात टाइटंस (GT), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और राजस्थान रॉयल्स (RR) ने अंतिम चार में अपनी जगह पक्की कर ली है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

