IPL 2026: आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है, लेकिन उससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बड़ा झटका लगा है। टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज आकाश दीप पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। केकेआर ने बीते साल मिनी-ऑक्शन में आकाश दीप को 1 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था, लेकिन ऐसे समय में वह टीम से बाहर हुए हैं जब फास्ट बॉलिंग यूनिट पहले ही चोटों से जूझ रही है।

KKR ने की पुष्टि
KKR फ्रेंचाइजी के एक अधिकारी ने शनिवार को पुष्टि करते हुए कहा, “हां, आकाश दीप आने वाले आईपीएल सीजन से बाहर हो गए हैं। वह अभी तक बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में रिहैब के लिए नहीं गए हैं, लेकिन यह तय है कि वह इस सीजन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।”
बता दें कि केकेआर अपने नए सीजन की शुरुआत 29 मार्च को 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में खेला जाएगा।
चोट का इतिहास
केकेआर का प्री-सीजन कैंप 18 मार्च से शुरू हुआ था, जिसमें आकाश दीप शामिल नहीं हुए थे। उन्हें शुक्रवार शाम ईडन गार्डन्स में खेले गए इंट्रा-स्क्वाड प्रैक्टिस मैच में भी नहीं देखा गया। जानकारी के अनुसार, आकाश दीप को 15 से 18 फरवरी के बीच कल्याणी स्थित बंगाल क्रिकेट अकादमी ग्राउंड में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल मैच में बाएं पैर की एड़ी में चोट लगी थी।
फास्ट बॉलिंग में संकट
आकाश दीप के बाहर होने से केकेआर की तेज गेंदबाजी की चिंताएं और बढ़ गई हैं। भारत के तेज गेंदबाज हर्षित राणा पहले ही मेनिस्कस टियर की सर्जरी के बाद बाहर चल रहे हैं, जबकि श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना अपनी चोट के बाद बोर्ड से मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं। मथीशा ने कंधे की चोट के कारण 2026 पुरुष टी20 वर्ल्ड कप में भी लंबा समय नहीं खेला था। KKR के पास अब तेज गेंदबाजी में विकल्प सीमित हैं। टीम में फिलहाल मौजूद खिलाड़ी हैं:
- वैभव अरोड़ा
- उमरान मलिक
- ब्लेसिंग मुजरबानी
- कार्तिक त्यागी
साथ ही, कैमरन ग्रीन और रमनदीप सिंह तेज गेंदबाजी के ऑलराउंड विकल्प हैं।
नए तेज गेंदबाजों की तलाश में जुटी KKR, ईडन गार्डन्स में ट्रायल जारी
गौरतलब है कि KKR ईडन गार्डन्स में ट्रायल आयोजित करके फास्ट बॉलिंग विभाग के लिए नए खिलाड़ियों की तलाश कर रही है। इस ट्रायल में नवदीप सैनी, आकाश मधवाल, सिमरजीत सिंह, संदीप वॉरियर, केएम आसिफ और सुनील कुमार शामिल हैं। ये खिलाड़ी हर्षित राणा और आकाश दीप के चोटिल होने से खाली हुई जगहों को भरने के लिए अपनी क्षमता दिखा रहे हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

