IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 का लीग स्टेज अपने आखिरी और सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। सुपर संडे के डबल हेडर मुकाबलों के बीच अब सबसे बड़ी लड़ाई प्लेऑफ की चौथी और आखिरी सीट को लेकर छिड़ी हुई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद पहले ही अंतिम-4 में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं, जबकि चौथे स्थान के लिए राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है।

हालांकि सबसे ज्यादा दिलचस्प स्थिति कोलकाता नाइट राइडर्स की है। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली KKR की किस्मत अब सिर्फ उसके अपने प्रदर्शन पर नहीं, बल्कि मुंबई इंडियंस के नतीजे पर भी टिकी हुई है। कोलकाता को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए पहले मुंबई इंडियंस से जीत की उम्मीद करनी होगी, उसके बाद खुद दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करनी पड़ेगी।

मुंबई की जीत से ही खुलेगा KKR का रास्ता

अंक तालिका पर नजर डालें तो राजस्थान रॉयल्स 13 मैचों में 14 अंक लेकर पांचवें स्थान पर मौजूद है। अगर राजस्थान रविवार दोपहर खेले जाने वाले मुकाबले में मुंबई इंडियंस को हरा देती है, तो उसके 16 अंक हो जाएंगे और टीम सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। ऐसे में शाम को होने वाला KKR और दिल्ली कैपिटल्स का मुकाबला औपचारिक बनकर रह जाएगा, क्योंकि कोलकाता जीत के बाद भी अधिकतम 15 अंक तक ही पहुंच पाएगी।

यही वजह है कि KKR और उसके फैंस की नजरें सबसे पहले मुंबई इंडियंस पर टिकी हुई हैं। अगर पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी मुंबई की टीम राजस्थान को हरा देती है, तभी कोलकाता की उम्मीदें जिंदा रह पाएंगी।

पंजाब किंग्स बनी सबसे बड़ी चुनौती

मुंबई की जीत के बाद भी KKR का काम आसान नहीं होगा। पंजाब किंग्स फिलहाल 14 मैचों में 15 अंक और +0.309 के मजबूत नेट रन रेट के साथ चौथे स्थान पर काबिज है। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सिर्फ जीत हासिल करना KKR के लिए काफी नहीं होगा। टीम को पंजाब से बेहतर नेट रन रेट भी हासिल करना पड़ेगा।

KKR को करना होगा ये बड़ा कारनामा

अगर KKR पहले बल्लेबाजी करती है, तो उसे दिल्ली को करीब 75 से 80 रन के बड़े अंतर से हराना होगा। वहीं अगर टीम लक्ष्य का पीछा करती है और सामने 180 रन का स्कोर होता है, तो KKR को यह लक्ष्य लगभग 12 ओवर के भीतर हासिल करना पड़ेगा। तभी टीम का नेट रन रेट पंजाब किंग्स से आगे निकल पाएगा। फिलहाल KKR का रन रेट 0.011 है।

सुपर संडे पर फैंस की धड़कनें रहेंगी तेज

KKR के लिए यह रविवार किसी परीक्षा से कम नहीं होने वाला। पहले मुंबई इंडियंस से उम्मीदें और फिर खुद मैदान पर उतरकर बड़ा कारनामा करने की चुनौती। अब देखना दिलचस्प होगा कि अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली टीम इस मुश्किल गणित को पार कर प्लेऑफ में जगह बना पाती है या नहीं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H