KKR vs MI IPL 2026 : आईपीएल 2026 के 65वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 4 विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में KKR ने 148 रन के लक्ष्य को 18.5 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ कोलकाता ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। टीम अब 13 मैचों में 6 जीत, 5 हार और एक बेनतीजा मुकाबले के साथ 13 अंक लेकर अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है।
बारिश से प्रभावित रहा मुकाबला
मैच के दौरान बारिश ने भी बाधा डाली। मुंबई इंडियंस की पारी के 8 ओवर पूरे होने के बाद तेज बारिश शुरू हो गई, जिसके कारण खेल करीब एक घंटे तक रुका रहा। उस समय मुंबई ने 4 विकेट पर 57 रन बनाए थे।
मुंबई की खराब शुरुआत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। कैमरून ग्रीन ने शुरुआती ओवरों में शानदार गेंदबाजी करते हुए रयान रिकल्टन और नमन धीर को जल्दी आउट कर दिया। रिकल्टन 6 रन और नमन धीर बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इसके बाद सौरभ दुबे ने रोहित शर्मा को 15 रन पर आउट किया और फिर सूर्यकुमार यादव को भी चलता किया। सूर्यकुमार ने 6 गेंदों में 15 रन बनाए।
बारिश के बाद तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन तिलक 32 गेंदों में 20 रन बनाकर कार्तिक त्यागी का शिकार बने। वहीं हार्दिक पांड्या 26 रन बनाकर सुनील नरेन की गेंद पर आउट हो गए। विल जैक्स 14 रन बनाकर रन आउट हुए। अंत में कॉर्बिन बॉश ने 32 रन की नाबाद पारी खेलकर मुंबई को 20 ओवर में 147 रन तक पहुंचाया।
KKR के गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन
कोलकाता की ओर से कैमरून ग्रीन, सौरभ दुबे और कार्तिक त्यागी ने 2-2 विकेट लिए। वहीं सुनील नरेन को 1 सफलता मिली।
मनीष पांडेय और पॉवेल ने दिलाई जीत
148 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी KKR की शुरुआत भी साधारण रही। फिन एलेन 8 रन और कप्तान अजिंक्य रहाणे 21 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मनीष पांडेय ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 45 रन बनाए। वहीं रोवमैन पॉवेल ने 30 गेंदों में 40 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला। अंत में रिंकू सिंह ने नाबाद 9 रन और अनुकूल रॉय ने नाबाद 4 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
मुंबई के गेंदबाजों का प्रदर्शन
मुंबई इंडियंस की ओर से कॉर्बिन बॉश ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। दीपक चहर, जसप्रीत बुमराह और एएम गजनफर को 1-1 सफलता मिली।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, रोवमैन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती, सौरभ दुबे
इम्पैक्ट प्लेयर: फिन एलन, तेजस्वी दहिया
मुंबई इंडियंस (MI)
रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), विल जैक, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, जसप्रित बुमरा, रघु शर्मा
इम्पैक्ट प्लेयर: एएम गजनफर

