संजीव शर्मा, कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पटवारी भर्ती में चयन कराने का झांसा देकर एक बेरोजगार युवक से 6 लाख 50 हजार रुपये वसूलने के आरोप में पुलिस ने कांग्रेस के जिला महामंत्री रितेश पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले के उजागर होने के बाद कांग्रेस पार्टी ने भी आरोपी को संगठन से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

क्या है मामला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गिरोला निवासी अभिराम सोरी ने थाना कोंडागांव में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2017 में पटवारी भर्ती निकली थी। उसी दौरान उसके परिचित ग्राम बफना निवासी रितेश पटेल ने उसे नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि रितेश ने विभिन्न किश्तों में उससे कुल 6 लाख 50 हजार रुपये ले लिए। इसके बावजूद न तो नौकरी लगी और न ही मांगने पर रकम वापस की गई।

narayana

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर थाना कोंडागांव और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान आरोपी रितेश पटेल को उसके निवास से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद रविवार को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

आरोपी पहले भी कई मामलों में जा चुका है जेल

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी रितेश पटेल पूर्व में भी ठगी, बलवा और प्रतिबंधात्मक धाराओं के मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।

कांग्रेस पार्टी ने भी की कार्रवाई

इधर रितेश पटेल के मामले के सार्वजनिक होने के बाद कांग्रेस संगठन ने भी कार्रवाई की और उसे पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय, उपनिरीक्षक पिताम्बर कठार, निहार रंजन मंडल तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक हरेंद्र कश्यप, आरक्षक संतोष कोड़ोपी और बिरझू सोरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H