जमशेदपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच बड़ा हादसा टल गया। मिल्लत नगर के वार्ड नंबर 2 में शुक्रवार को एक कच्चा मकान अचानक ढह गया। हादसे के वक्त घर में मौजूद तीन महिलाएं मलबे की चपेट में आकर घायल हो गईं, जबकि दो बच्चे सुरक्षित बच गए।

बारिश के कारण कमजोर हो गई थीं दीवारें

जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के चलते मकान की दीवारें और छत कमजोर हो गई थीं। शुक्रवार को अचानक मकान की एक दीवार भरभराकर गिर गई और देखते ही देखते मकान का हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया।

हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

तीन महिलाएं घायल

हादसे में 62 वर्षीय हसीना बानो, उनकी 45 वर्षीय बेटी नाजनीन बानो और 25 वर्षीय नतनी मुस्कान घायल हो गईं।स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों महिलाओं को मलबे से बाहर निकाला और इलाज के लिए रामू चौक के समीप स्थित टीएनबी नर्सिंग होम पहुंचाया। फिलहाल तीनों का इलाज जारी है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही कपाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने घायलों की स्थिति की जानकारी लेने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

कच्चे मकानों के सर्वे की मांग

लगातार बारिश के बीच कपाली क्षेत्र में कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर परिषद से जर्जर मकानों का सर्वे कराने, जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।

स्थानीय लोगों की तत्परता से मलबे में फंसी तीनों महिलाओं को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। वहीं, हादसे में दोनों बच्चों के सुरक्षित बच जाने से बड़ा हादसा टल गया।