मनोज यादव, कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से 7 वर्षीय बच्ची के लापता होने का मामला सामने आया है। बच्ची राशन दुकान से सामान लेने गई थी, लेकिन काफी देर तक घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश शुरू कर दी है।

चार महीने पहले परिवार के साथ कोरबा आया था पिता
जानकारी के अनुसार, लापता बच्ची की पहचान भव्या जोशी (7 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ कोरबा जिले के रजगामार ग्राम पंचायत अंतर्गत रजगामार बस्ती में रहती है। बच्ची का परिवार यहां करीम पोल्ट्री फार्म में रह रहा है, जहां उसके पिता प्रकाश जोशी काम करते हैं।

प्रकाश जोशी मूल रूप से सक्ती जिले के ग्राम फगुरम के निवासी हैं। वह करीब चार महीने पहले अपने चार बच्चों के साथ परिवार का पालन-पोषण करने के लिए कोरबा के रजगामार आए थे। यहां वह करीम पोल्ट्री फार्म में काम करते हुए अपने परिवार के साथ रह रहे हैं।

राशन दुकान से सामान लेने गई थी बच्ची
बच्ची के पिता प्रकाश जोशी के मुताबिक, 19 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब डेढ़ बजे उन्होंने अपनी 7 वर्षीय बेटी भव्या जोशी को पास की राशन दुकान से घरेलू उपयोग का सामान लाने के लिए भेजा था। काफी देर तक बच्ची के वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने बच्ची की तलाश शुरू की। परिजनों ने गांव और आसपास के इलाकों में भी खोजबीन की, लेकिन बच्ची का कहीं पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।

बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही बालको थाना अंतर्गत रजगामार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल बच्ची का पता नहीं चल पाया है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

