मनोज यादव, कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रजगामार में 7 साल की मासूम बच्ची से रेप के बाद हत्या की आशंका के मामले में पुलिस ने आरोपी अमित चौहान को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि जब बच्ची दुकान से सामान लेने गई हुई थी, इसी दौरान सामान लेकर घर आते वक्त आरोपी उसे अपने साथ ले गया और मासूम के साथ दरिंदगी की। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार को रजगामार चौकी के सामने प्रदर्शन कर आरोपी को फांसी देने की मांग की। वहीं पुलिस ने आरोपी का अर्धमुंडन कर क्षेत्र में जुलूस निकाला।

राशन दुकान से सामान लेने गई थी बच्ची
जानकारी के अनुसार, 7 वर्षीय मृत बच्ची का पीड़ित परिवार मूल रूप से सक्ती जिले का रहने वाला है। परिवार करीब चार महीने पहले अपने चार बच्चों के साथ मजदूरी करने के लिए रजगामार आया था। इसी बीच 19 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे बच्ची घर के पास स्थित राशन दुकान से घरेलू उपयोग का सामान लेने के लिए निकली थी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने बच्ची की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।

तीन दिन बाद पोल्ट्री फार्म के पीछे मिला शव
बच्ची के लापता होने की सूचना मिलने के बाद बालको थाना क्षेत्र की रजगामार चौकी पुलिस ने तलाश शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और डॉग स्क्वायड की मदद से भी खोजबीन की। करीब तीन दिन बाद गुरुवार को बच्ची का शव करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में मिला। शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में पुलिस ने हत्या की आशंका जताई थी। मामले में अनाचार की आशंका के पहलू से भी जांच की जा रही है।

वहीं मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी अमित चौहान को गिरफ्तार किया, जो बालको क्षेत्र का रहने वाला है। इस बीच आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना पर शुक्रवार सुबह आक्रोशित लोगों की भीड़ रजगामार चौकी के सामने जमा हो गई। लोगों ने चौकी के सामने बैठकर नारेबाजी की और आरोपी को फांसी देने की मांग की।
आरोपी का अर्धमुंडन कर निकाला गया जुलूस
इधर आरोपी का अर्धमुंडन कर सड़क पर जुलूस निकाली। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों में खौफ पैदा होगा। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का समर्थन किया है। मासूम की हत्या के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। लोग आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।

इधर कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि टेक्निकल, ह्यूमन इंटेलिजेंस और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपी अमित चौहान को गिरफ्तार किया गया है, जो उसी एरिया का रहने वाला है। आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस ने BNS की धारा 302 और POCSO एक्ट में केस दर्ज किया है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने पर अन्य धाराएं जोड़ी जाएंगी। पुलिस जल्द साइंटिफिक एविडेंस के साथ चालान पेश कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में कठोरतम सजा दिलाने की तैयारी में है।
देखिये वीडियो-
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

